अग्निकांड में घायल बच्ची से मिले केंद्रीय मंत्री:PMCH से निकलते वक्त पशुपति कुमार पारस ने कहा- बिहार में पासवानों पर हमले बढ़े

पटना6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
PMCH में घायल बच्ची का हालचाल जानते केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस। - Dainik Bhaskar
PMCH में घायल बच्ची का हालचाल जानते केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस।

केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस शनिवार को PMCH पहुंचे। यहां एडमिट अरवल जिले के चकिया गांव में हुए अग्निकांड में गंभीर रूप से घायल 5 साल की बच्ची से मिले। उसके चल रहे इलाज के बारे में वहां मौजूद डॉक्टरों से जानकारी ली। बच्ची की देखभाल कर रहे परिवार के लोगों से बात की। पूरे घटना के बारे में भी पूछा। साथ ही बच्ची के परिवार को अपनी तरफ से आर्थिक सहायता भी की।

इसके बाद PMCH से निकलते वक्त मीडिया से केंद्रीय मंत्री ने बात की। कहा- 'बच्ची की स्थिति ठीक नहीं है। उसके शरीर का 35% हिस्सा जल चुका है। भगवान से प्रार्थना है कि वो ठीक हो जाए। पटना से सीधे मैं अरवल जा रहा हूं। बच्ची के घर जाउंगा। वहां से वापस पटना आने के बाद मीडिया से डिटेल में बात करेंगे। मौके पर केंद्रीय मंत्री के साथ उनकी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल समेत कई नेता और कार्यकता भी मौजूद थे।'

नई सरकार में दलितों पर बढ़ा हमला
सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार पर हमला किया। आरोप लगाया कि बिहार में दलितों पर बहुत अत्याचार हो रहा है। इनके उपर हमले की घटना में बढ़ोत्तरी हुई है। पशुपति कुमार पारस ने कहा कि जब से राजद के साथ गठबंधन में सरकार बनी है तब से राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। दलित और पासवान समाज के लोगों पर कहर ढाया जा रहा है।

मां की हो चुकी है मौत
अरवल जिले के चकिया गांव में रामस्वरूप पासवान का घर है। 29 नवंबर को दबंगों ने इनकी पत्नी और बच्ची को आग में फूंक दिया था। इस घटना में रामस्वरूप की पत्नी की मौत हो गई। जबकि, बेटी गंभीर रूप से घायल है। अब भी उसका इलाज चल रहा है। दिल दहला देने वाले इस वारदात को अंजाम देने का आरोप रामस्वरूप के ही दोस्त नंदन महतो पर लगा। आरोप है कि उसने महिला को जलाने से पहले उसके साथ छेड़खानी भी की थी।