जिले के शिवसागर प्रखंड की सेलारी पंचायत के भगवलिया गांव में योगेंद्र सिंह के घर कोहराम मचा है। घर के दो युवा बेटों की बुधवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृत युवा अजीत एवं रोहित दोनों चचेरे भाइयों को गुरुवार से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक परीक्षा में शामिल होना था। पंरतु नियति को कुछ और मंजूर था। जिस घर से सुबह दो भाइयों को मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए निकलना था। दोपहर में दोनों भाइयों की अर्थी घर से निकली। योगेंद्र सिंह के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरा गांव उनके घर के बाहर जमा है।
धर्मपुरा ओपी क्षेत्र के पड़वा गांव के पास बुधवार रात एक दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई थी। दोनों मृतक शिवसागर थाना क्षेत्र की सिलारी पंचायत के भगवलिया गांव के रहने वाले थे। दोनों मृतक आपस में चचेरे भाई थे। दोनों बारात से वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में बड़े भाई योगेंद्र सिंह के बेटे अजीत और छोटे भाई धर्मेन्द्र सिंह के बेटे राहित की मौत हो गई। घर में एक साथ दो बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुख में डूबा परिवार
किसान संयुक्त परिवार के मुखिया दोनों मृतकों के बाबा उमेश सिंह हैं। उमेश सिंह के दो बेटे योगेन्द्र सिंह एवं धर्मेन्द्र सिंह हैं। योगेंद्र सिंह के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। कुल पांच संतानों में मृतक अजीत चौथे नंबर पर था। जबकि छोटे भाई धर्मेन्द्र सिंह के तीन बेटे हैं। इनमें मृतक रोहित सबसे बड़ा था। धर्मेंद्र और योगेंद्र बेटों की मौत से टूट गए हैं। परिजन उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। घर में दोनो मृतकों की मां एवं बहनों की चीत्कार से गांव में जुटी महिलाएं भी अपने आंसू नहीं रोक पा रही हैं। परिजनों को घटना की सूचना देर रात 3 बजे मिली। सभी भागे-भागे नोखा PHC पहुंचे। जहां दोनों का शव पड़ा था। शव को लेकर सासाराम सदर अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव दोपहर 11 बजे भगवलिया लाया गया। उसके बाद वहां परिवार में एक बार फिर कोहराम मच गया। वृद्ध उमेश सिंह भी अपने पोतों के शव के पास रह-रह कर रो पड़ रहे थे।
दोनों को डेहरी जाना था परीक्षा देने
मृतक अजीत और रोहित को आज से शुरू होने वाली मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होना था। परंतु दोनों बुधवार को दो अन्य रिश्तेदार के साथ बारात चले गए थे। बारात दिनारा प्रखंछ के कनियारी गांव गई थी। जहां से चारों कार से लौट रहे थे। दोनों लड़के पड़री गांव से दिनारा के कनीयारी गांव बारात गए थे। कुल चार लोग देर रात दो बजे बारात से लौट रहे थे। तभी ससिरित गांव के पास पड़वा पुल पर विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो की लाइट के कारण चालक संतुलन खो बैठा। कार नहर में जा कूदी। इससे अजीत और रोहित की मौत हो गई। अजीत कुमार ने हाई स्कूल बिलारी से फार्म भरा था और उसे डेहरी में परीक्षा देनी थी। वहीं, रोहित कुमार मैट्रिक खराड़ी हाई स्कूल से फॉर्म भरा था और उसे डेहरी के अकोढ़ी गोला के सेंटर पर परीक्षा में शामिल होना था। दोनों भाइयों को आज एक साथ बड़ों का आशीर्वाद लेकर परीक्षा देने के लिए निकलना था। परंतु, नियति को कुछ और मंजूर था। दोनों की अर्थी घर से एक साथ निकली।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.