रोहतास में दिनदहाड़े एक महिला की गोली मार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार दोपहर GT रोड पर बगीचा रेस्टोरेंट पर उसकी लाश पड़ी थी। गोली महिला के गर्दन में मारी गई है। घटना डेहरी के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है। हाईवे किनारे महिला की लाश देख इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डेहरी मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि, महिला की हत्या कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान सासाराम निवासी सुनील कुमार की पत्नी निशी कुमारी (35) के रूप में हुई है। पहचान उसके पास प्राप्त आधार कार्ड से की गई है। उसके पति सीमेंट व्यवसायी हैं।
घटना के वक्त दुकान पर थे पति
व्यवसायी ने बताया कि घटना के वक्त वह अपने दुकान पर थे। पत्नी की मौत की सूचना मिली तो दंग रह गए। उनकी पत्नी GT रोड के पास कैसे पहुंची यह जांच का विषय है। उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। फिर भी किसने और क्यों उसकी हत्या की, इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। रेस्टोरेंट के सामने कई CCTV फुटेज लगे हुए हैं। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारों की गिरफ्तारी करे। निशी की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की उम्र 11, 9 एवं 7 साल है।
अलग-अलग बात कह रहे लोग
दिन-दहाड़े हुए इस हत्याकांड में साफ नहीं है कि महिला कैसे यहां पहुंची। कुछ लोगों का कहना है कि महिला एक बाइक पर सवार थी, बाइक सवार द्वारा उसे उतार कर गोली मार दी गई। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि महिला को बोलेरो गाड़ी से उतार कर गोली मारी गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.