पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सराय थाना क्षेत्र के चमड़ा मंडी में ट्रक और बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मशरक के नौशाद आलम की आठ वर्षीय पुत्री मुस्कान, चार वर्षीय पुत्र फरियाद व 23 वर्षीय रेहान के रूप में हुई है। घायल महिला शबनम बच्चों की मां है। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर हरदिया मोड़ तक भाग गया था। लोगों ने पीछा कर ट्रक को कब्जे में लिया। लेकिन, चालक पकड़ में नहीं आ सका। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे तक चमड़ा मंडी में सड़क जाम कर हंगामा किया। सराय पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के एमएम कॉलोनी में शबनम किराए के मकान में रहती है। वह अपने दो बच्चे मुस्कान और फरियाद व छोटे भाई रेहान को लेकर बाइक से अपनी ससुराल मशरक जा रही थी। इसी दौरान सराय थाना क्षेत्र में चमड़ा मंडी के समीप पीछे से ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मोटरसाइकिल पर चार लोग थे सवार
ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक चला रहे रेहान ने हेलमेट नहीं पहना था। बाइक पर उसके अलावा तीन अन्य सवार थे। मतलब बाइक पर चार लोग सवार होकर असुरक्षित यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक से हादसा हो गया। लोगों ने बताया कि अगर यातायात नियमों का पालन किया जाता ताे शायद घटना नहीं होती। बाइक पर ओवरलोडिंग भी घटना का कारण बनी। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों की संवेदना उमड़ पड़ी। उनकी मदद के लिए सभी लोग आगे आने लगे। सदर अस्पताल में मंगलवार को बारह बजे के बाद से चारों तरफ गमगीन माहौल हो गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन जहां थे वहीं से चल दिए। मोहल्ले के लोगों का भी आना-जाना शुरू हो गया।
ट्रक जब्त, दर्ज होगी प्राथमिकी
शबनम की शादी 27 सितंबर 2014 को नौशाद आलम के साथ हुई थी। वह सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। छह साल में एक पुत्री व एक पुत्र हुआ। बेटी बड़ी थी। मृतक आठ साल की मुस्कान शहर के किसी बड़े निजी विद्यालय की दूसरी क्लास की छात्रा थी। मैथ व कम्प्यूटर विषय में बहुत ही तेज थी। सभी परीक्षाओं में प्रथम स्थान लाती थी। घटना के बाद नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश पंडित, महदेवा ओपी थानाध्यक्ष विपिन कुमार, सराय थाना प्रभारी तनवीर आलम, एमवीआई अर्चना कुमारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी ददन सिंह घटनास्थल पहुंचे। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। ट्रक मालिक की खोज की जा रही है। प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
एक घंटे तक जाम रही सड़क
सड़क दुर्घटना में तीन मौत के बाद स्थानीय लोगों ने चमड़ा मंडी सड़क को एक घंटे तक जाम कर दिया। इससे पूरे शहर में यातायात बाधित हो गयी। स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस ट्रक चालक को जल्द से जल्द पकड़े, नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा। सराय थाने की पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि ट्रक चालक जल्द पकड़ा जाएगा। छापेमारी चल रही है।
परीक्षार्थियों को हुई परेशानी
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों और परिजनों द्वारा सड़क जाम करने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गयीं। मैट्रिक परीक्षा होने के कारण परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में भी मुसीबत का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थी किसी तरह सेंटर तक पहुंच सके। पुलिस की पहल से आक्रोशित शांत हुए।
इंटर परीक्षा की कर रहा था तैयारी
महिला के पिता समीर ने बताया कि रेहान बहन शबनम के घर एमएम कॉलोनी में रहकर इंटर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। दोपहर में मशरक आने की सूचना मिली थी। घर पर भी सभी लोग तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान बारह बजे के आसपास फोन आया कि सड़क दुर्घटना में बेटा व नाती की मौत हो गई है। पुत्री गम्भीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया।
पॉजिटिव- आप प्रत्येक कार्य को उचित तथा सुचारु रूप से करने में सक्षम रहेंगे। सिर्फ कोई भी कार्य करने से पहले उसकी रूपरेखा अवश्य बना लें। आपके इन गुणों की वजह से आज आपको कोई विशेष उपलब्धि भी हासिल होगी।...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.