सीवान में मंगलवार की देर रात जामो थाना इलाके के सिकटिया बाजार के पास एक युवक को चाकू मार घायल कर दिया। एक दंपती रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर बाइक से लौट रहा था। बाइक सवार पति-पत्नी से अपराधियों ने लूट का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर बदमाशों ने पति को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जबकि पत्नी को छोड़ दिया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे PMCH रेफर कर दिया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
दंपती से लूट का प्रयास
घटना के संबंध में बताया घायल के परिजनों ने बातया कि- सीवान के गोरियाकोठी थाना इलाके के गोरियाकोठी के रहने वाले गणेश प्रसाद के पुत्र अशोक कुमार (30) अपनी पत्नी के साथ सीवान किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जहां मंगलवार की देर रात बाइक से दोनों पति-पत्नी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जामो थाना इलाके के सिकटिया बाजार के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने लूटने का प्रयास किया। असफल होने पर अशोक को चाकू मार घायल कर दिया। फिर फरार हो गए।
गंभीर हालत में PMCH रेफर, छानबीन में जुटी पुलिस
घटना के बाद पति-पत्नी के चीखने चिल्लाने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसकी सूचना जामो थाना को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए घायल को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे PMCH रेफर कर दिया। पुलिस ने कहा- मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही हैं, जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.