वैशाली के बिदुपुर में एक युवक को गाली-गलौज करने से रोका तो उसका पूरा परिवार ही गुंडई पर उतर आया। समझाने पहुंचे दूसरे गुट के लोगों को पहले ईंट-पत्थर से घायल किया फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड फायरिंग में 2 लोग घायल हैं, जिसमें 1 महिला की हालत गंभीर है। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दिल दहलाने वाली फायरिंग की वारदात को मोहल्ले के किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। अब ये वीडियो इलाके में जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। इस्माइलपुर में दो गुटों में पत्थरबाजी और फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोग अपने घरों से निकलने में डर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आपसी रंजिश में गोलीबारी हुई है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हो रही है। वहीं, इस दौरान एक शख्स हाथ में राइफल तान कर फायरिंग कर रहा है । बंदूक ताने वह विपक्षी की ओर भागता हुआ नजर आ रहा है। उसके हाथ में हथियार लहराता हुआ दिखाई दे रहा है।
गाली-गलौज से रोका तो फायरिंग कर दी
घायल शिव शंकर सिंह ने बताया कि पड़ोसी सुदेश सिंह के परिवार से एक सदस्य देर रात फोन कर गाली-गलौज करने लगा। आज जब हमलोग उन्हें ऐसा करने से मना करने पहुंचे तो उनके परिवार के सदस्यों ने उल्टा हमलोगों पर ही हमला बोल दिया। आधा दर्जन लोग घर में घुसने लगे। जब हमलोगों ने इसका विरोध किया तो वे हम पर लाठी-डंडे बरसाने लगे। इसके बाद ईंट-पत्थर भी चलाए। मामला बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी में विपक्षी पार्टी के एक युवक राइफल लेकर पहुंच गए। उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी में गोली लगने से काशीनाथ सिंह की पत्नी सुजाता देवी घायल हो गई। पत्थरबाजी से शिवशंकर सिंह भी बुरी तरह घायल हो गए।
घायल दोनो सदर अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बुजुर्ग के मुताबिक आपसी रंजिश में पत्थरबाजी, मारपीट और फायरिंग की गई। दिनदहाड़े फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। कई राउंड गोलियां चली, जिसके कारण लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है लेकिन अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है ऐसे में पीड़ित पक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.