पटना के दीघा में गृहमंत्री अमित शाह की ओर से एसएसबी कार्यालय के लिए भूमि पूजन के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। दरअसल, संगठन की मीटिंग की वजह से अमित शाह का यह कार्यक्रम रद्द हुआ है। इस दौरान वह संगठन के पुराने पुराने लोगों से मुलाकात करेंगे। मीटिंग अलग-अलग लेवल के लोगों से होनी है। गृह मंत्री अमित शाह अपने बिहार दौरे में सार्वजनिक कार्यक्रमों में मात्र नवादा का कार्यक्रम करेंगे। इसके अलावा रविवार को पूरे दिन संगठन के लोगों से मुलाकात करेंगे। लोकसभा प्रवास के दौरान इस पूरे कार्यक्रम को राजनैतिक रूप दिया जा रहा है।
केंद्रीय गृहमंत्री पटना के होटल मौर्या में रुके हुए हैं। वहां वह रविवार की सुबह से संगठन के चुनिंदा लोगों से वन टू वन मुलाकात करेंगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अमित शाह नवादा से आने के बाद भी मुलाकात का दौर जारी रखेंगे। फिर कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। अमित शाह रविवार की रात 8:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
समस्तीपुर में डेकोरेटर दुकान और आरओ वाटर प्लांट में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
समस्तीपुर शहर के गणेश चौक स्थित डेकोरेटर दुकान और आरओ वाटर प्लांट में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। आग दूसरी मंजिल से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई ।इस घटना के कारण शहर के गणेश चौक पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में पहुंची दमकल की टीम ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में 20 लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि डेकोरेटर कारोबारी रूपेश कुमार की दुकान में शनिवार देर शाम अचानक हुई शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। पढ़िए पूरी खबर...
दशरथ मांझी को भारत रत्न देने की मांग, पदयात्रियों के साथ जीतन राम मांझी ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
बिहार के गया के गहलौर गांव से शुरू हुई पदयात्रा नई दिल्ली पहुंच गई है। हम के अध्यक्ष और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की अगुवाई में पदयात्रियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने माउंटेन मैन दशरथ मांझी को भारत रत्न देने की मांग की है। पढ़िए पूरी खबर...
शेखपुरा में NH-82 पर हाइवा ने 3 लोगों को रौंदा, एक की मौत, 2 गंभीर
शेखपुरा में NH-82 पर मिशन चौक के पास बेकाबू हाइवा ट्रक ने तीन लोगों को बुरी तरह रौंद दिया है। इसमें 58 साल के एक शख्स की मौत हो गई है जबकि 2 लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए PMCH भेजा गया है।
घटना बरबीघा में हुई है। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने NH को जाम कर दिया। हालांकि मौके पर तुरंत ही पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर हंगामा शांत कराया है। मृतक शांतिनगर मुहल्ला निवासी प्रमोद कुमार हैं जबकि घायलों की पहचान नालंदा के अम्मा बिगहा निवासी जमुना यादव और अलीनगर निवासी भासो यादव के तौर पर हुई है। पढ़िए पूरी खबर...
गया में महिला-बच्ची का मिला शव, ऑनर किलिंग में हत्या की आशंका
गया में शनिवार की सुबह खेत में एक साथ दो शव मिले। मामला आंती थाना क्षेत्र के तिनेरी गांव का है। एक ही जगह पर महिला (35) और बच्ची (10) का शव मिला है। ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्मार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
दोनों शवों की पहचान अभी तक नहीं हुई है। लेकिन पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों मां-बेटी लग रही है। ऑनर किलिंग में हत्या की आशंका है। फिलहाल पुलिस जांच शुरू कर दी है। आंती थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे दो शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पढ़िए पूरी खबर...
बगहा में मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे; साथ मौजूद 3 लोग जख्मी
बगहा में शुक्रवार की रात बैरागी सोनवर्षा पंचायत के मुखिया सूरज सिंह पर जानलेवा हमला हुआ। बदमाशों ने सूरज पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। हमले में मुखिया बाल-बाल बच गए। वहीं उनके साथ मौजूद 3 लोग जख्मी हो गए। शुक्रवार को मां बैरटी स्थान पर मेला में विवाद हुआ था। इसके बाद बदमाशों ने हमला किया
हमले से नाराज ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शनिवार की सुबह चिऊटाहां थाने का घेराव किया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर गोली का खोखा बरामद किया है। SHO जयनारायण राम ने बताया कि हमले में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया गया है। बता दें कि सूरज सिंह के पिता विजय सिंह की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या की थी। डायनामाइट लगाकर नक्सलियों ने उनका घर उड़ा दिया था। पढ़िए पूरी खबर...
जहानाबाद में सरिया लदा ट्रक पलटा, 2 मजदूर की मौत; 8 घायल
जहानाबाद में शनिवार की सुबह सरिया लदा ट्रक पलट गया। ट्रक में सवार 2 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, इस घटना में ट्रक पर सवार 8 अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना सुबह करीब 8 बजे NH - 83 पर मई हॉल्ट के पास हुई। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर SDPO मौके पर पहुंचे।
हादसे में मनीष मांझी और पप्पू यादव की मौत हो गई। वहीं घायलों में पप्पू कुमार, जावेद अंसारी, अक्षर अंसारी, मितेश मांझी, सुधीर मांझी, कालेज मांझी, टुनटुन मांझी और प्रेमचंद मांझी शामिल हैं। इसमें दो की हालत गंभीर बनी है। मुकेश मांझी और कालेज मांझी दोनों को गंभीर हालत में PMCH पटना रेफर किया गया है। पढ़िए पूरी खबर...
शेखपुरा में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, 3 पुलिस कर्मी घायल
शेखपुरा में शुक्रवार की देर रात पुलिस पर हमला हुआ। उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्कर की गिरफ्तारी के लिए सदर प्रखंड के नीरपुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान उनके ऊपर रोड़ेबाजी और गोलीबारी कर अपराधियों ने एक सैप जवान सहित 3 पुलिसकर्मियों को बुरी तरह घायल कर दिया। साथ ही गिरफ्तार किए गए शराब तस्कर को बलपूर्वक छुड़ा लिया।
घायल तीनों पुलिस जवानों को सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। घायलों में उत्पाद थाना शेखपुरा में तैनात सैप जवान रामनरेश यादव (56), होमगार्ड के जवान अजीत कुमार यादव (30) तथा होमगार्ड के ही जवान खानो यादव (35) का इलाज चल रहा है। वहीं अजीत कुमार यादव की हालत गंभीर बताई गई है। पढ़िए पूरी खबर...
पूर्णिया में ट्रक ने 10 लोगों को कुचला, 4 की मौत; 6 लोग घायल
पूर्णिया के रौटा में बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हैं। इनमें दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों में मो.शब्बीर ,मो.रूबेद, रिक्की शाह, मो सरबुल शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक रौटा थाना क्षेत्र के बरबट्टा से बायसी की ओर जा रहा था। जहां मोजाबाड़ी के समीप ट्रक ने बाइक सवार 2 लोगों को रौंद डाला। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों युवक नमाज पढ़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
वहीं ट्रक चालक ने मौके से भागने के दौरान ट्रक को रौटा बाजार में घुसा दिया। जहां आधा दर्जन लोग ट्रक की चपेट में आ गए। इनमें से 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने ट्रक का पीछा करते हुए अमौर थाना क्षेत्र के पहड़िया के समीप दबोच लिया है। पढ़िए पूरी खबर...
ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, एक की मौत..दूसरा जख्मी
भोजपुर में शुक्रवार रात ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं जख्मी उसके दोस्त का इलाज चरपोखरी पीएचसी में कराया जा रहा। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसा आरा-सासाराम स्टेट हाईवे के पास चरपोखरी थाना क्षेत्र के सियाडीह गांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुआ।
मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के अमोरजा गांव वार्ड नंबर 14 निवासी अवधेश सिंह का 32 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार सिंह है एवं वह पेशे से ट्रक चालक था। जबकि जख्मी सत्य नारायण कुमार सिंह का 25 वर्षीय पुत्र व मृतक का दोस्त सुनील कुमार है। इधर मृतक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मलथर गांव निवासी व उनके मामा स्वर्गीय जज सिंह के पुत्र सुधीर कुमार का नया घर बना था। जिसका गृह प्रवेश 10 दिन पूर्व हुआ था। लेकिन ट्रक चालक होने के कारण यह नहीं पहुंच पाए थे। पढ़िए पूरी खबर...
खगड़िया में वार्ड सदस्य को गोलियों से भूना, बंद कमरे में मारी गोली
खगड़िया में शुक्रवार रात एक वार्ड सदस्य को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। हत्या मछली पालन को लेकर हुए विवाद के कारण गई है। मृतक की पहचान पिपरपांती गांव निवासी स्व कालीचरण सिंह उर्फ कालो सिंह के पुत्र बमबम सिंह के रूप में हुई है। बमबम सिंह कोयला पंचायत के वार्ड संख्या 6 के वार्ड सदस्य थे। वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा कि हत्यारों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। हत्या के बाद मौके से फरार हो गए। मामला जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किल नंबर एक इलाके के पिपरपांती गांव का है।
बमबम सिंह की हत्या की खबर सुनते ही घर पर कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुंजन कुमारी ने बताया कि घर परिवार के लोगों ने हत्या कार्रवाई है। मृतक की पत्नी और परिजनों ने बताया कि गांव के ही बबलू सिंह के यहां कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। बमबम सिंह को भी बुलाकर ले जाया गया था। जहां बंद कमरे में उन्हें 8 गोली मारी गई। पढ़िए पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.