पूर्णिया के एक निजी स्कूल में कक्षा 5 की छात्रा शनिवार को स्कूल से गायब हो गई। लड़की को घर वापस नहीं लौटने पर इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने घटना की सूचना केहाट थाना को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि शहर के मधुबनी राजेन्द्र नगर के रहने वाले कृष्ण मोहन राय की 13 वर्षीय बेटी उर्सलैन स्कूल में कक्षा 5 में पढती है। सुबह वह स्कूल की गाड़ी में स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी।
पीड़ित कृष्ण मोहन ने बताया कि हर रोज वह 11 बजे तक घर पहुंच जाती थी। लेकिन शनिवार को 11:30 बजे तक घर नहीं पहुंची। जब स्कूल जाकर पता किया तो वहां भी नहीं थी। तभी किसी ने बताया कि उनकी बेटी को पूर्व किराएदार कविता देवी सिंह के साथ देखा है। पीड़ित ने बताया कि जब कविता के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि बेटी उनके साथ है। जब बेटी से बात कराने के लिए कहा तो उसने फोन काट दिया। उसके बाद कविता के मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।
बताया जा रहा है कि कविता देवी सिंह एक साल पूर्व कृष्ण मोहन के घर में किराए पर रहती थी। उसके पति ड्राइवर का काम करता है। कृष्ण मोहन ने बताया कि कविता और उनके पति आपराधिक प्रवृत्ति के होने से उसे घर से निकाल दिया था। इसी बात को लेकर वह मेरे परिवार के प्रति खुन्नस रखा था। कविता वैसे नेपाल की रहने वाली है और बगल के दूसरे घर में किराए पर रहती है। परिजनों ने कविता देवी व उनके पति पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाकर थाने में मामला दर्ज करा दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.