रोहतास जिले करगहर थाना क्षेत्र के गोगहरा गांव में बुधवार को हुए आपसी विवाद में गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए पीएचसी लाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। गोलीबारी मध्य विद्यालय गोगहरा के पास हुई। पुलिस मौके पर पहुंच कर पूछताछ कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भलुनी गांव से आए बाइक सवार युवकों ने गोलीबारी की है।
बताते हैं कि मध्य विद्यालय गोगहरा की चहारदीवारी को फांद कर कुछ बच्चे घर लौट रहे थे। चहारदीवारी के पास राजवंश सिंह का मकान है, उन्होंने बच्चों को चहारदीवारी फांदने से मना किया और डांट-पीट भी किया। बच्चे भलुनी गांव के थे। बच्चों ने अपने घर वापस जा अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। बताते हें कि इसके बाद तीन बाइक पर सवार हो 6 युवक गोगहरा आये और राजवंश सिंह से उक्त बात को लेकर वाद-विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर मारपीट की नौबत आ गई। इस बीच कुछ लोग बीच-बचाव करने लगे। तभी एक युवक ने गोली चला दी, जो बीचबचाव कर रहे विनोद सिंह 40 साल के हाथ में लगी। गोली चलने के बाद भलुनी गांव से आए युवक भाग निकले।
घायल विनोद सिंह को परिजन पीएचसी करगहर ले कर गए। जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया, उसके बाद उन्हें सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया। पीएचसी पहुंच पुलिस ने घटना की जानकारी ली है, और अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.