समस्तीपुर थानेश्वर स्थान मंदिर में प्रेमिका के साथ शादी रचा रहे युवक की पहली पत्नी ठीक फेरे के वक्त पहुंच गई और हंगामा खड़ा कर दिया। महिला अपने स्वजनों के साथ शादी रुकवाने पहुंची थी। उसने नगर थाना में सूचना देकर पुलिस को भी बुला लिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार हथौड़ी थाना क्षेत्र के धोबियाही निवासी पीड़िता सुधा कुमारी ने बताया कि वर्ष 2009 में धोबियाही निवासी नरेश मंडल के पुत्र अरविंद कुमार से हिंदू रीति रिवाज से शादी हुई। उसका मायका शिवाजीनगर के दयाल गांव में है। दोनों परिवार की सहमति से यह विवाह संपन्न हुआ। उसे 11 वर्ष का एक पुत्र और 10 वर्ष की एक पुत्री है। अरविंद बढ़ई का काम करता हैं। वह खुद दरभंगा के एक निजी क्लीनिक में नर्स का काम करती है। शादी के बाद दोनों अपने अपने काम-काज में व्यस्त हो गए। वह दरभंगा में ही किराए का एक कमरा लेकर बच्चों के साथ रहने लगी।
शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा जब उसे सूचना मिली कि अरविंद किसी दूसरी महिला के साथ विवाह कर रहा है। तो वह अपने दोनों बच्चे और परिवार के सदस्यों को लेकर वह थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर पहुंची गई। जहां अरविद एक महिला के साथ शादी रचा रहा था। यह देखते ही वह आग बबूला हो गई और नगर थाना में शिकायत करते हुए पुलिस बुला ली। पीड़िता की शिकायत पर नगर पुलिस मौके पर पहुंचे और आरोपित पति को हिरासत में ले लिया। इस मामले में नगर थाना पुलिस पूछताछ के उपरांत आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.