नाजिरपुर पंचायत के जबाहरपुर गांव में शुक्रवार शाम गाय दूह रहे किसान का गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वार्ड 10 निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मी नारायण सिंह के रूप में की गई है। इस मामले में मृतक की पत्नी मंजू देवी ने गांव के ही तीन -चार लोगों को नामजद किया है। आरोप है कि उक्त लोगों ने उनके पति की मारपीट कर व गला दबा कर हत्या कर दी है। घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम लक्ष्मी नारायाण अपनी गाय दूह रहे थे इसी दौरान उनकी गला घोंट कर व पीटपीट कर हत्या कर दी गई। हालांकि बेहोश बुजुर्ग को देख परिवार के लाेग उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उजियारपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार के बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। रिपोर्ट आने बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.