शेखपुरा में शुक्रवार की देर रात पुलिस पर हमला हुआ। उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर सदर प्रखंड के नीरपुर गांव पहुंची थी। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना में एक सैप जवान सहित 3 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायल पुलिस जवानों को शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में उत्पाद थाना शेखपुरा में तैनात सैप जवान रामनरेश यादव (56), होमगार्ड के जवान अजीत कुमार यादव (30) और होमगार्ड के जवान खानो यादव (35) का इलाज चल रहा है। इसमें अजीत कुमार यादव की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दीजिए...
पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद बदमाशों ने गिरफ्तार शराब तस्कर को बलपूर्वक छुड़ा लिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। बता दें कि जिले में महीने भर में तीसरी बार पुलिस टीम पर हमला हुआ है और पुलिस पिटी है।
शराब तस्कर को गिरफ्तार करने गई थी पुलिस
उत्पाद अधीक्षक सुदेश्वर लाल ने बताया कि शुक्रवार की रात SP कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर एक शराब लदी पिकअप पकड़ी गई। शराब की खेप शेखपुरा-चेवाड़ा मुख्य सड़क मार्ग के बगल में एकसारी बीघा गांव के पास खेत में छिपाकर रखी गई थी।
बरामद खेप को मंगवाने वाले तस्कर नीतीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए नीरपुर गांव में उसके घर पर छापेमारी की और उसे अरेस्ट किया। इसके बाद बदमाशों ने विरोध करने लगा।
बदमाशों ने पत्थरबाजी और फायरिंग की
गिरफ्तार तस्कर नीतीश को पुलिस वाहन पर बैठाते ही अचानक बड़ी संख्या में बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की गई। अवैध हथियार से कई राउंड गोलियां चलाई। बदमाशों ने तस्कर को बलपूर्वक छुड़ा लिया।
छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार के साथ-साथ उत्पाद दरोगा मीनू कुमारी और प्रीति कुमारी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश हमले के बाद फरार हो गए।
एक महीने के अंदर तीसरी बार पुलिस पर हमला
हाल के एक माह के भीतर पुलिस टीम पर तीसरी बार हमला हुआ है। इसमें कई पुलिस पदाधिकारी सहित जवान घायल हो हुए हैं। सबसे पहले हथियावां पुलिस ओपी के सर मैदान गांव में शराब तस्कर को गिरफ्तार करने गई कोरमा थाना पुलिस के ऊपर हमला किया गया। इसमें कोरमा थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे।
दो दिन पहले शहर के महादेव नगर मोहल्ले में छापेमारी के दौरान उत्पाद टीम के ऊपर हमला हुआ था। हमले में तस्करों और उनके परिवार वालों ने उत्पाद थाना के एक ASI अनिल कुमार सिंह सहित कई उत्पाद पुलिस जवानों को घायल कर दिया था।
जब्त पिकअप में मिले 10 कार्टन शराब
उत्पाद टीम की ओर से बरामद किए गए पिकअप में दराज बनाकर शराब छिपाए गए थे। इस गाड़ी से दस कार्टन शराब बरामद की गई। स्थानीय उत्पाद थाना में एक FIR दर्ज की गई है। वहीं, छापेमारी दल पर हमला, गोलीबारी और पत्थरबाजी को लेकर अलग से नगर थाने में FIR दर्ज की गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.