शिवहर में दामाद ने अपने ससुर और चचेरे ससुर की चाकू गोदकर हत्या कर दी। वह अपनी पत्नी की दूसरी शादी को लेकर गुस्से में था। हमले में सास भी घायल हो गई। घटना नगर थाना के ताजपुर के परदेसिया गांव की है। बुधवार की रात हत्या के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसे अभी तक नहीं पकड़ पाई है।
मृतक की पहचान अवध किशोर सिंह और उसके भाई अरुण कुमार सिंह के रूप में की गई। वहीं जख्मी महिला की पहचान मृतक अवध किशोर सिंह की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है।
दरअसल, मृतक की पुत्री अर्चना कुमारी की शादी वर्ष 2015 में पिपरा कोठी के कुंवरपुर निवासी आमोद सिंह के साथ हुई थी। अर्चना ने बताया कि शादी के बाद से उसका व्यवहार ठीक नहीं रहता था। वह बराबर मारपीट और प्रताड़ित करता था। जिसके कारण मैं पिछले 3 साल से अपने मायके में ही रह रही थी। ऐसे में बीते 20 मई को मैंने शिवहर के देकुली धाम में समेचक निवासी राजीव कुमार सिंह से दूसरी शादी कर ली। जिसके बाद में अपने दूसरे पति के घर पर ही रह रही थी।
बचाने गए चाचा को गोदा
इस बात की जानकारी जैसे ही मेरे पहले पति आमोद सिंह को हुई। वह कल देर रात 12 बजे ससुराल आ गया। दरवाजा खुलवाने के बाद घर में दाखिल हुआ और मां मीना देवी और पिता अवध किशोर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। शोर की आवाज सुनकर बचाने के लिए पहुंचे चाचा अरुण कुमार सिंह पर भी हमला कर दिया। उसने मेरी मां को भी बुरी तरीके से चाकू गोदकर घायल कर दिया और फरार हो गया। परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद चिकित्सकों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित किया। वहीं घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच भर्ती कराया है। बता दें कि अरुण कुमार सिंह अविवाहित है।
इधर, घटना की सूचना पर पहुंचे शिवहर एसपी अनंत कुमार राय ने कहा कि दो भाई की दामाद ने चाकू गोदकर हत्या कर दी है। मामले में फरार चल रहे दामाद को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.