सीतामढ़ी में 16 साल की छात्रा से छेड़खानी कर रहे शोहदों की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हाे गई। बाइक के हैंडल में साइकिल का हैंडल फंसने से छात्रा गिर पड़ी। गंभीर जख्मी हाेने के कारण उसकी माैत हाे गई। शनिवार दोपहर करीब एक बजे घटना के वक्त रानी अपनी सहेली के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। भाग रहे युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना शनिवार को डुमरा थाना क्षेत्र में गोसाईपुर चिमनी स्थित एसएसबी कैंप के पास की है। ग्रामीणों के मुताबिक, रानी कुारी मिसरोलिया के मुरारी महतो की पुत्री थी। वह अपनी सहेली के साथ स्कूल से लौट रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक सवार युवक आए। दोनों बाइक मोड़कर छात्रा के पीछे लग गए।
कभी बाइक आगे करते तो कभी पीछे। इसी दौरान बाइक से साइकिल टकरा गई और उसमें फंस गई। छात्रा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मौत हो गई।
गिरफ्तार बाइक सवार में एक हरिहरपुर निवासी उमेश राय का पुत्र चंदन कुमार और दूसरा अकलू राय का पुत्र सुशील कुमार है। डुमरा थानाध्यक्ष जन्मेजय राय ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सहेली गुड़िया की जुबानी वारदात की कहानी
दैनिक भास्कर को रानी की सहेली गुड़िया ने बताया कि मैं रानी के साथ कमला बालिका उच्च विद्यालय से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थी। स्कूल से निकलते ही चंदन और सुशील रानी का पीछा करने लगा। दोनों युवक बाइक से कभी हमारी साइकिल के आगे, तो कभी सामने से और कभी बगल से तेज रफ्तार में कट मार कर परेशान करने लगे।
एसएसबी कैंप के पास अचानक सामने से तेजी से बाइक लहराते हुए पहुंचे। रानी की साइकिल का हैंडल बाइक के हैंडल में फंस गया। बाइक के साथ साइकिल घिसटने लगी। रानी गिर कर गंभीर जख्मी हो गई। लोगों ने उसे डुमरा पीएचसी पहुंचाया। उसे सदर अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां मौत हो गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.