डुमरहर बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की देर शाम मूकबधिर युवक से मजाक के बाद माहौल गरमा गया। देखते ही देखते दो पक्षों में पत्थरबाजी और लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से चले ईंट-पत्थर से महिला की जान चली गयी। गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद से दरौली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसने दम तोड़ दिया। महिला की पहचान 45 वर्षीय रामजनम गोंड की पत्नी देवांती देवी के रूप में हुई है। महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसडीओ रामबाबू बैठा, एसडीपीओ जितेन्द्र पाण्डेय, अंचलाधिकारी अरविंद प्रसाद सिंह, बीडीओ अभिषेक चंदन आदि पहुंचे और पूरी रात घटनास्थल पर कैंप किया। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद दो परिवारों के बीच था। लेकिन, असामाजिक लोगों ने इसे गंभीर बना दिया। देखते-देखते पूरा गांव दो खेमों में बंट गया। दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। इसमें देवंती देवी के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गयी। इससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने बताया कि घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रण में है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.