एडवोकेट सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में चंडीगढ़ CBI ने आरोपी हाईकोर्ट जज की बेटी कल्याणी सिंह को सिप्पी से जुड़ी निजी जानकारी देने से इनकार किया है। मामले में कल्याणी ने चंडीगढ़ CBI कोर्ट में अर्जी दायर कर कहा था कि चार्जशीट में कई डॉक्युमेंट और इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस नहीं हैं। वह प्रदान किए जाएं।
CBI ने कोर्ट में जवाब पेश करते हुए कहा कि आरोपी कल्याणी को संबंधित एक्सट्रैक्ट डेटा मुहैया करवाया जा चुका है। वहीं कई चीजें CBI के मालखाने में सील पड़ी हुई हैं। कुछ डेटा मृतक की निजी जिंदगी से जुड़ा है जो इस केस से संबंधित नहीं है।
कल्याणी ने CBI कोर्ट में FBI द्वारा प्रदान किए गए पूरे डाटा के भी दिए जाने का मांग की थी जो सिप्पी के एप्पल के मोबाइल फोन से जुड़ा था। FBI ने 51.6 GB का डेटा एक्सट्रैक्ट किया था। इसके अलावा कल्याणी ने वर्ष 2015 और 2016 के बीच सिप्पी के मोबाइल की पूरी कॉल डिटेल्स, लोकेशन, उससे जुड़े नंबरों की लोकेशन, डिटेल्स और उनके बीच हुई चेट से जुड़ी जानकारी मांगी थी।
4 गोलियां मार की थी हत्या
बता दें कि चंडीगढ़ के सेक्टर 27 के एक पार्क में 20 सितंबर 2015 को मोहाली फेज 3 बी2 निवासी एडवोकेट एवं राष्ट्रीय शूटर सुखमनप्रीत सिंह(36) की 4 गोलियां मार हत्या की दी गई थी। इस हत्याकांड में CBI ने हाईकोर्ट जज की बेटी कल्याणी सिंह को केस से जुड़ा प्राइवेट डेटा देने से इनकार किया है।
CBI ने यह वजह बताई
सिप्पी की कल्याणी से शादी होनी थी, लेकिन उनके रिश्ते में खटास आ गई थी। CBI के मुताबिक, सिप्पी ने कल्याणी की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल की थीं। इससे कल्याणी की काफी बदनामी हुई। इसका बदला लेने के लिए उसने प्लानिंग करके सिप्पी की हत्या की। हालांकि कल्याणी ने आरोपों से इनकार किया। कल्याणी हत्या वाली रात सेक्टर 10 में अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक पार्टी में थी। CBI का कहना है कि वह पार्टी से निकली और सिप्पी की हत्या कर वापस चली गई।
CBI ने मामले में दिसंबर 2020 में CBI कोर्ट चंडीगढ़ में अनट्रेस रिपोर्ट दायर की थी। हालांकि उसमें जांच जारी रखने की मांग की थी, जिसे स्वीकार किया गया। इसके बाद जांच के दौरान नए सबूत मिले और कल्याणी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कोर्ट में चार्जशीट दायर की गई थी। मामला काफी हाई प्रोफाइल होने के चलते चर्चा में रहा है। मोहाली फेज 3बी 2 निवासी सिप्पी के दादा भी हाईकोर्ट में जज थे और पिता एडिशनल एडवोकेट जनरल थे। कल्याणी और उनका परिवार पुराना जानकार था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.