देश भर में आज घरेलू गैस सिलेंडर (एलपीजी सिलेंडर) के रेट बढ़े हैं। पिछले डेढ़ महीने में दूसरी बार घरेलू गैस सिलेंडर के रेट में 50 रुपए का इजाफा हुआ है। इससे पहले बीती 22 मार्च को सिलेंडर 909 रुपए से बढ़ कर 959 रुपए हो गया था। अब चंडीगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडर 1009 रुपए का मिलेगा। इससे पहले इसी महीने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का रेट 102.50 रुपए बढ़ा दिया गया था। ऐसे में इसका रेट 2,253 रुपए से बढ़ कर 2,355.50 रुपए हो चुका है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के बाद से पेट्रोल-डीजल समेत सीएनजी गैस और एलपीजी सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी हुई है।
चंडीगढ़ में महिलाओं ने गैस सिलेंडर के रेट में हुई इस बढ़ोतरी पर काफी रोष जताया। महिलाओं का कहना था कि लोगों को नौकरियां नहीं मिल रही हैं। ऊपर से महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। महिलाओं का कहना था कि सरकार घरेलू चीजों का रेट बढ़ा कर उनकी जिंदगी मुश्किल कर रही है। अमीरों को और अमीर किया जा रहा है और गरीब और गरीब होता जा रहा है। दालें, सब्जियां, तेल आदि सभी के रेट आसमान छू रहे हैं।
लोगों ने कहा कि बढ़ती महंगाई में उनका बचत करना भी मुश्किल हो गया है। वहीं दूसरी ओर बच्चों की स्कूल फीस भी बढ़ रही है। लोगों ने कहा कि अब जिस प्रकार महंगाई बढ़ रही है उसे देखते हुए उन्हें चूल्हे पर आना पड़ेगा। लोगों ने कहा कि मोदी सरकार ने कहा था कि अच्छे दिन आएंगे मगर अब सरकार लोगों को ही महंगाई से मार रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.