चंडीगढ़ में कोरोना के एक सप्ताह में औसत मामले बढ़ कर 11 हो गए हैं। बीते महीने 19 अप्रैल तक शहर में 1 या 2 नए केस आ रहे थे। अब यह नए केस एक ही दिन में 16 तक भी पहुंच चुके हैं। शहर में कोरोना के एक्टिव केस भी 76 हो चुके हैं। पिछले महीने के मध्य तक यह 20 के लगभग थे।
अभी EX वैरिएंट की इन नए केसों में पुष्टि नहीं हुई है, मगर केसों की रफ्तार बढ़ना चिंता का कारण बना हुआ है। बीते शनिवार को शहर में 12 नए केस आए। कुल 1,464 सैंपल लिए गए थे। इनके हिसाब से पॉजीटिविटी रेट 0.82 प्रतिशत रहा।
वैक्सीनेशन अभियान जारी
चंडीगढ़ में 15 से 18 वर्ष के 99.85 प्रतिशत बच्चों को कोवैक्सिन की पहली डोज लग चुकी है। 71,895 बच्चों ने पहली वैक्सीन ली है। वहीं 43,358 को दोनों डोज लग चुकी हैं। चंडीगढ़ प्रशासन का लक्ष्य इस आयु वर्ग में 72 हजार बच्चों को कवर करने का है। इसी तरह 12 से 14 वर्ष के 30,230 बच्चों को पहली तथा 5,852 बच्चों को कोर्बेवैक्स की दोनों डोज लग चुकी हैं। इस आयु वर्ग में 45 हजार बच्चों को वैक्सीन लगनी है। इनके अलावा वयस्कों को बीते 26 जनवरी को प्रशासन 100 फीसदी वैक्सीनेट करने का लक्ष्य हासिल कर चुका है।
इन सेक्टरों में आए नए मामले
शहर के सेक्टर 15 और 29 में 2-2 केस आए हैं। वहीं सेक्टर 20, 26, 37, 39, 44, 38 वेस्ट, मौलीजागरां और राम दरबार से 1-1 केस आया है। 5 पुरुष और 7 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव आए हैं। दूसरी ओर 9 कोरोना मरीज ठीक भी हुए हैं। पीजीआई के कोविड वार्ड में 2 तथा जीएमएसएच 16 और जीएमसीएच 32 में 1-1 मरीज भर्ती है। बाकी मरीज होम आईसोलेशन में हैं।
कोरोना के आंकड़े
शहर में अभी तक 1,165 कोरोना प्रभावित लोगों की मौत हो चुकी है। अंतिम मौत फरवरी में हुई थी। जिसके बाद से कोरोना जानलेवा साबित नहीं हुआ। ज्यादातर मरने वाले अन्य गंभीर बीमारियों से भी पीड़ित थे और इनमें ज्यादा बुजुर्ग थे। अभी तक 92,136 लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से 90, 895 लोग ठीक हो चुके हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.