पंजाब के मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (CU) की छात्राओं के नहाते हुए वीडियो वायरल करने से जुड़े मामले में पंजाब पुलिस ने सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव सिंह के रूप में हुई है। इस केस में यह चौथी गिरफ्तारी है। शक है कि आर्मी का यह जवान ही CU के हॉस्टल में रहने वाली छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनवा रहा था।
CU वीडियो केस की इन्वेस्टिगेशन के लिए बनाई गई पंजाब पुलिस की SIT ने आर्मी के वांटेड जवान संजीव सिंह को अरुणाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया। पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि इस केस की इन्वेस्टिगेशन के दौरान मिले फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों के दौरान सेना के जवान संजीव सिंह का नाम सामने आया। संजीव सिंह की पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी इसलिए मोहाली से पुलिस की एक टीम वहां भेजी गई।
पंजाब पुलिस की टीम ने संजीव सिंह को अरुणाचल प्रदेश पुलिस, असम पुलिस और सेना के अधिकारियों के सहयोग से पकड़ा। उसे अरुणाचल प्रदेश के सेला पास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला की अदालत में सीजेएम कोर्ट में पेश कर 2 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। मोहाली पुलिस की टीम आरोपी को पूछताछ के लिए मोहाली ला रही है।
पूछा जाएगा- कहां वायरल करता था VIDEO
VIDEO केस की जांच के लिए गठित पंजाब पुलिस की SIT आरोपी संजीव सिंह से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ रही आरोपी छात्रा के संपर्क में कैसे आया? किस वजह से और कब से छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था? वह लड़कियों के वीडियो का क्या करता था?
पुलिस पुलिस संजीव सिंह के आरोपी छात्रा और उसके दोस्तों सन्नी मेहता व रंकज वर्मा के साथ संबंधों का भी पता लगाएगी। आरोपी जवान ने लड़कियों के वीडियो आगे किस-किस को भेजे? क्या वह किसी नेटवर्क से जुड़ा है? इन सभी बातों के बारे में पता लगाया जाएगा।
तीन आरोपी पहले से रिमांड पर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी VIDEO केस में गिरफ्तार होने वाला संजीव सिंह चौथा शख्स है। इससे पहले पंजाब पुलिस वीडियो बनाने वाली आरोपी छात्रा के अलावा उसके बॉयफ्रेंड सन्नी मेहता व उसके दोस्त रंकज वर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। सन्नी मेहता हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रोहड़ू कस्बे का रहने वाला है जबकि रंकज वर्मा शिमला का रहने वाला है। आरोपी छात्रा और बाकी दोनों युवक पहले से पुलिस रिमांड पर हैं।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खंगाल रहे एक्सपर्ट
इस केस में पंजाब पुलिस के फॉरेंसिक एक्सपर्ट आरोपी छात्रा और उसके दो दोस्तों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और बाकी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रहे हैं। पंजाब पुलिस ये सारे डिवाइस जब्त कर फॉरेंसिक लैब भेज चुकी है। इनकी रिपोर्ट आना फिलहाल बाकी है।
SIT में सभी महिला अफसर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक छात्रा द्वारा अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनाने का मामला 18 सितंबर को सामने आया था। उसके बाद पंजाब पुलिस ने इस केस की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी। SIT में तीनों महिला अफसर है। SIT का नेतृत्व लुधियाना की एसपी (काउंटर इंटेलिजेंस) रुपिंदर कौर भट्टी कर रही हैं। उनके अलावा इसमें DSP खरड़-1 रूपिंदर कौर और DSP एजीटीएफ दीपिका सिंह शामिल हैं।
इस मामले में 18 सितंबर को ही खरड़ थाने में IPC और IT एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.