देश के सबसे पुराने सर्कस में शुमार ग्रेट जैमिनी सर्कस आज से चंडीगढ़ के सेक्टर 34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड में शुरू होने जा रहा है। त्योहारों के इस सीजन में ट्राईसिटी के लोगों के लिए वीकेंड परिवार के साथ शॉपिंग और मूवी के अलावा सर्कस बेहतर विकल्प हो सकता है।
शहर में 4 साल बाद सर्कस आया है। कीनिया से आए कलाकार भी इस सर्कस में अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं मौत के कुंए के हैरतअंगेज करतब को भी पेश किया जाएगा। 26 अक्तूबर तक यह सर्कस चलेगी। चंडीगढ़ की मेयर सरबजीत कौर इसका उद्घाटन करेंगी।
दिन में 3 शो होंगे
सर्कस में हर रोज तीन शो होंगे। पहला शो दोपहर 1 बजे, दूसरा 4 बजे और तीसरा शो शाम 7.30 बजे होगा। शो का टिकट क्रमशः 100 रुपए, 200 रुपए और 300 रुपए रखा गया है। तीन साल से ऊपर के आयु वर्ग के बच्चे का टिकट अनिवार्य किया गया है। एक शो में जिम्नास्टिक सहित लगभग 26 इवेंट होंगे। साढ़े तीन फीट के बौने मुरुगन और उनके साथी महेश सर्कस में लोगों को अपनी खास अदाओं से लोटपोट करने कोई कसर नही छोड़ेंगे।
ग्रेट जैमिनी सर्कस के बारे में जानकारी देते हुए इसके प्रबंधक अलंकेश्वर भास्कर और आज़म खान ने बताया कि लोगों के बीच अभी भी सर्कस का क्रेज है। सर्कस की पुरानी परंपरा को देश की सबसे पुरानी सर्कस मैं शुमार ग्रेट जैमिनी सर्कस ने अभी भी जिंदा रखा है। उन्होंने बताया कि सर्कस में मेल और फीमेल कलाकार अपनी कला का करतब दिखाएंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.