चंडीगढ़ में होटल बिल की रिकवरी का दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां 2 गेस्ट लग्जरी होटल में रुके। 6 महीने खूब मौज-मस्ती की। जब 19 लाख का बिल देने की बारी आई तो खिसकने लगे। यह देख होटल मैनेजमेंट ने उनकी लग्जरी गाड़ियां ऑडी और क्रूज को ही जब्त कर लिया, जिनकी कीमत 58 लाख है।
इस घटना को 5 साल बीत गए, लेकिन वे दोनों अपनी गाड़ियां लेने नहीं आए। अब चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CITCO) 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के दिन इन दोनों लग्जरी गाड़ियों को नीलाम करने जा रहा है।
पहले समझिए पूरा मामला...
चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर 17 में CITCO शिवालिक व्यू के नाम से फोर स्टार होटल चला रहा है। साल 2018 में यहां अश्विनी कुमार चोपड़ा और रमणीक बंसल नाम के दो कस्टमर आए। वे 6 महीने तक होटल में रहे। उन्होंने यहां खूब मौज-मस्ती की और होटल की हर सुविधा का लुत्फ उठाया।
जब उन्होंने चेकआउट किया तो होटल ने उन्हें 19 लाख का बिल थमा दिया। यह बिल देख दोनों की हालत पतली हो गई। पहले तो दोनों ने वहां से खिसकने की कोशिश की, मगर होटल की सिक्योरिटी ने उन्हें पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें बिल भरने को कहा गया।
उन्होंने बिल के नाम पर 6-6 लाख के तीन चेक दे दिए। जब होटल ने ये चेक बैंक में जमा किए तो वे बाउंस हो गए। इसके बाद होटल ने उनकी ऑडी क्यू 3 और शेवरले क्रूज गाड़ी को गिरवी रख लिया। इस घटना को पांच साल बीत गए, लेकिन वे गाड़ियां लेने वापस नहीं आए। इसके बाद होटल ने इन्हें बेचकर भरपाई करने की योजना बनाई है।
2020 में कोर्ट पहुंचा था CITCO
साल 2020 में किराए की भरपाई के लिए CITCO ने रमणीक बंसल को पार्टी बनाते हुए यह केस चंडीगढ़ जिला अदालत में दायर किया था। मामले में मार्च 2021 में कोर्ट सुनवाई के दौरान रिपोर्ट का हवाला दे कहा गया था कि मामले में प्रतिवादी पक्ष (कार मालिक रमणीक बंसल) को भेजे गए समन वापस आ गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था और वह किराए पर रहते थे। वहीं दूसरा पता होशियारपुर का था, जहां समन भेजे गए थे। हालांकि प्रतिवादी पक्ष की कोई जानकारी न मिलने पर अगस्त 2021 में पब्लिकेशन भी करवाया गया, मगर कोर्ट में कोई पेश नहीं हुआ। ऐसे में एक्स पार्टी कार्रवाई शुरू कर केस को आगे बढ़ाया गया था।
अन्य कार मालिक भी नहीं हुआ पेश
वहीं मामले में एक अन्य कार मालिक को उनकी RC के आधार पर समन जारी किया गया था, मगर वह भी पेश नहीं हुआ। सितंबर 2021 में पब्लिकेशन के आदेश दिए गए थे। वह तब भी पेश नहीं हुआ, जिसके बाद नवंबर 2021 में उन्हें भी एक्स पार्टी कर केस आगे चलाया गया। रिपोर्ट में आया कि वह 3 साल से संबंधित पते पर नहीं रह रहा है। मामले में PB10 CF 0009 कार किसी अश्विनी कुमार चोपड़ा के नाम रजिस्टर्ड थी। वहीं PCL 0082 रमणीक बंसल के नाम दर्ज थी।
रमणीक बंसल के इन पतों पर संपर्क किया
रमणीक बंसल का चंडीगढ़ के सेक्टर 48 सी और 49 बी का एड्रेस कागजों में था। हालांकि वह वहां नहीं रहता था। वहीं सेक्टर 44 ए के पते पर भी कोई नहीं रहता था। इसके अलावा उनके बेटे के पास इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 में भी एक अर्जी भेजी गई थी जो सर्व हो गई थी। हालांकि रमणीक बंसल पेश नहीं हुआ।
एक कार ब्लैक लिस्टेड और दूसरी लोन पर थी
वहीं रिपोर्ट में पता चला कि दोनों में से एक कार ब्लैक लिस्टेड है। वहीं दूसरी कार PB10 CF 0009 का बैंक से लोन चल रहा है। इस पर CITCO ने कहा कि नीलामी की रकम से पहले क्रेडिटर्स को रकम चुकाएंगे और उसके बाद अपनी रिकवरी करेंगे। इस संबंध में CITCO के जनरल मैनेजर (फाइनेंस एंड अकाउंट्स) ने एफिडेविट दायर किया था।
दोनों गाड़ियां पंजाब नंबर की, 45 लाख की ऑडी 10 लाख में
कोर्ट से परमिशन लेने के बाद होटल ने इनकी नीलामी की तारीख तय कर दी है। इन्हें 14 फरवरी को नीलाम किया जा रहा है। इसमें 45 लाख की AUDI Q 3 का रिजर्व प्राइस 10 लाख और सवा 13 लाख की शेवरले क्रूज गाड़ी का रिजर्व रेट डेढ़ लाख रुपए रखा गया है। ऑडी 2012 और क्रूज 2016 मॉडल की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.