पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अब 'आम आदमी' पर सियासी जंग शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CM चरणजीत चन्नी को नकली आम आदमी कहा था। अब सीएम चन्नी ने उसका करारा जवाब दिया है। उन्होंने पूछा कि कोई केजरीवाल को पूछे कि उसे भैंस का दूध निकालना आता है। मुझे तो पता है लेकिन क्या उन्हें आम आदमी के बारे में कुछ पता भी है।
सीएम चन्नी ने कहा कि जिसे राजनीतिक करिश्मा समझकर लोग AAP से जुड़े थे, वो ड्रामा निकल आई। सबको पता चल गया कि वह सिर्फ एक राजनीतिक सोच थी, जो पंजाब पर राज करने के लिए आई थी। इसलिए अब सब वापस कांग्रेस के पास आ रहे हैं।
पंजाब में 'आम आदमी' का राज आ चुका
CM चरणजीत चन्नी ने AAP विधायक रूपिंदर कौर रूबी को कांग्रेस में शामिल करने के बाद कहा कि पंजाब में 'आम आदमी' का राज आ चुका है। पिछले 50 दिन से पंजाब में आम आदमी की ही सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल नहीं समझेंगे कि कच्चे मकान में गर्मी कैसे लगती है। कैसे आम आदमी रात काे छत पर ऊपर-नीचे गीली चादर लगाकर सोता है।
आम आदमी अब अल्पमत में
सीएम चन्नी ने आम आदमी पार्टी काे एक और इशारा किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब विधानसभा में भी अल्पमत में है। उनका इशारा इसलिए था क्योंकि आम आदमी पार्टी के पास विधानसभा में विपक्षी दल का दर्जा है। आप पिछले विस चुनाव में 20 सीटें जीती थी। इसलिए उनके पास विपक्षी दल का ओहदा है। हालांकि अब आप के 6 विधायक साथ छोड़ चुके हैं। वहीं, अकाली दल के 15 विधायक हैं। ऐसे में आप अब विपक्षी दल के आंकड़े में अकाली दल से नीचे जा चुका है।
एकजुटता दिखाने लगी कांग्रेस
पंजाब में कलह की शिकार कांग्रेस ने बुधवार को पंजाब भवन में एकजुटता दिखाने की कोशिश की। आप विधायक रूबी को शामिल करने के लिए पंजाब प्रधान नवजोत सिद्धू और सीएम चन्नी पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस इंचार्ज हरीश चौधरी भी मौजूद थे। इसके अलावा मंत्री मनप्रीत बादल, राजा वड़िंग और परगट सिंह भी नजर आए।
सवालों से भाग रही कांग्रेस
पंजाब कांग्रेस में मची कलह को लेकर कांग्रेस अब सवालों से भाग रही है। मंगलवार को सिद्धू और सीएम चन्नी की जॉइंट प्रेस कान्फ्रेंस थी। इसमें उन पर एडवोकेट जनरल हटाने को लेकर कांग्रेसियों के ही निशाने, खाली खजाने जैसे कुछ सवाल पूछे गए लेकिन सिद्धू और चन्नी ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आप विधायक रूबी को शामिल करवाया और उसके बाद प्रेस कान्फ्रेंस खत्म कर दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.