पंजाब में विवादित पादरी के मोगा में होने वाले कार्यक्रम को लेकर विवाद हो गया है। इस कार्यक्रम में CM चरणजीत चन्नी और बॉलीवुड स्टार सोनू सूद के शामिल होने के पोस्टर लगाए गए थे। जिसके बाद इसको लेकर सियासी बवाल शुरू हो गया था। इस कार्यक्रम के आयोजक पादरी बजिंदर पर गंभीर आरोप हैं। जिसके बाद CM ऑफिस ने इसे अफवाह करार दिया है।
उनकी तरफ से कहा गया कि सीएम चरणजीत चन्नी ऐसे किसी कार्यक्रम में नहीं जा रहे। जिसने भी यह पोस्टर बिना मंजूरी के लगवाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए मोगा पुलिस को हिदायत जारी कर दी गई है। इससे पहले बॉलीवुड स्टार सोनू सूद भी इससे इनकार कर चुके हैं।
खास बात यह है कि कुछ दिन पहले पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा और नवजोत सिद्धू बजिंदर के कार्यक्रम में हिस्सा ले चुके हैं। जिसकी तस्वीरें खुद पादरी ने अपने सोशल मीडिया पर जारी की थी।
सोनू सूद ने फेसबुक पर दी थी जानकारी
बॉलीवुड स्टार सोनू सूद और उनकी बहन मालविका सूद मोगा में सक्रिय हैं। मालविका मोगा से इस बार चुनाव लड़ रही हैं। इस पोस्टर में सोनू सूद और मालविका सूद के भी आने का दावा किया गया था। हालांकि सोनू सूद ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि यह झूठ है। वह इस कार्यक्रम में नहीं जा रहे हैं।
आयोजकों का दावा, CM ने दी थी सहमति
हालांकि इस मसीही कार्यक्रम के आयोजकों का दावा है कि वह इस बारे में सीएम चन्नी से मिले थे। उन्हें लिखित तौर पर इनवाइट किया था। जिसके लिए उन्होंने सहमति भी दी थी। जिसके बाद ही पोस्टर में उनकी फोटो छापी गई। विवाद खड़ा होने के बाद वह फिर सीएम चन्नी से मिलने पहुंचे हैं ताकि कार्यक्रम के लिए इनवाइट कर सकें।
विवादित चेहरा पादरी बजिंदर सिंह
पादरी बजिंदर सिंह पर गंभीर आरोप लग चुके हैं। उसके खिलाफ रेप का आरोप भी था। जिसमें उसे गिरफ्तार भी किया गया। बजिंदर चमत्कारिक शक्तियों से लाइलाज बीमारियों को ठीक करने का दावा करता है। कुछ समय पहले राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी चंडीगढ़ के DC को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.