डेराबस्सी की 32 वर्षीय सपना राणा का आज पोस्टमॉर्टम होगा। बीते बुधवार दोपहर उसकी लाश एक कार की पिछली सीट पर जीरकपुर में खेतों में मिली थी। पास के एक शराब ठेके के कर्मी ने उसकी पहचान की थी। उसके शरीर पर चोटों के निशान नहीं थे। वहीं गला घोंटे जाना भी प्रतीत नहीं हुआ था। उसकी लाश डेराबस्सी के सिविल हॉस्पिटल में रखवाई गई थी।
आज उसके पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के असली कारणों का पता चलेगा। वहीं जीरकपुर थाना पुलिस अभी तक उस युवक को नहीं ढूंढ पाई है जो मृतका को यहां खेतों तक कार में लाया था और फरार हो गया था। लाल रंग की पोलो कार में युवती की लाश मिली थी।
हिमाचल की रहने वाली थी युवती
बता दें कि चंडीगढ़-अंबाला रोड पर गांव शताबगढ़ को जाने वाली सड़क पर खेत में खड़ी गाड़ी में शव मिला था। पास में ही धर्मकांटा चलाने वाले गुरप्रीत ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। पास में ही शराब का ठेका चलाने वाले एक व्यक्ति ने मृतका की पहचान की थी। मृतका डेराबस्सी में डेंटल कॉलेज रोड सोसाइटी के एक घर में अकेली रहती थी। वह मूलरुप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा की रहने वाली थी। उसके पिता ट्रक चलाते हैं और भाई आर्मी में है। वहीं छोटी बहन कुछ महीनों से बेड पर है।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी बुलाए
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की थी। वहीं फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी बुलाए गए थे। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज और मृतका के परिवार और जानकारों से जानकारी जुटा रही है। जानकारी के मुताबिक कार एक युवक चला रहा था। खेतों में कार खड़ी कर वह भाग गया था। कार में चाबी लगी हुई थी। ऐसे में संदेह होने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
युवती के शरीर पर चोट के निशान नहीं
लड़की की पहचान करने के बाद उसके परिवार को सूचना दे दी गई थी। युवती के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। वह अकेली रहती थी। पुलिस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.