पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले 'टंकी-टॉवर पॉलिटिक्स' शुरू हो गई है। इसकी शुरुआत शनिवार सुबह चंडीगढ़ से हुई। जहां एक बेरोजगार ETT टीचर MLA हॉस्टल के पास TV टावर पर चढ़ गया। इसके बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल वहां पहुंच गए।
इसका पता चला तो पंजाब के CM चरणजीत चन्नी बरनाला में बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि इस तरह टावर और टंकियों पर चढ़ने से मुद्दे हल नहीं होंगे। जो ऐसा करेंगे, उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। हालांकि चुनाव के वक्त सरकार का यह रवैया राजनीतिक तौर पर नुकसानदेह साबित हो सकता है।
केजरीवाल ने आते ही बना दिया मुद्दा
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल मोहाली में टीचर्स के धरने में आए। उन्होंने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही पंजाब सरकार की दुखती नब्ज कुरेद दी। केजरीवाल बोले कि जिन टीचर्स को क्लासरूम में होना चाहिए, पंजाब में वह टावरों पर चढ़े हुए हैं। इसके बाद केजरीवाल टंकी पर बैठे टीचर्स के पास पहुंचे। वहां टीचर्स से बात की और कहा कि यह पूरी बात पंजाब सरकार ने सुन ली होगी। वह ये मुद्दे हल करे, वरना पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो हम इनकी मांग पूरी करेंगे।
सुखबीर गिरफ्तारी देने से पहले पहुंचे, शिक्षा मंत्री को लगाया फोन
टावर की पॉलीटिक्स में सुखबीर बादल भी पीछे नहीं रहे। अकाली दल ने शनिवार को CM हाउस जाकर गिरफ्तारी देनी थी। उससे पहले वह टावर पर पहुंच गए। सुखबीर ने टीचर से बात की और पंजाब की चन्नी सरकार को जमकर कोसा। इसके बाद उन्होंने शिक्षा मंत्री परगट सिंह को फोन लगा लिया। कहा कि यहां आकर इनके मुद्दे हल करो, ऐसा न हो टीचर कोई गलत कदम उठा लें।
प्रदर्शनकारियों पर बरस रही चन्नी सरकार
पंजाब की CM चरणजीत चन्नी की अगुवाई वाली सरकार अब प्रदर्शनकारियों पर बरसने लगी है। शनिवार को CM चन्नी बरनाला पहुंचे तो टावर पॉलीटिक्स से परेशानी साफ दिखी। उन्होंने कहा कि टंकी और टावरों पर चढ़ने वालों की मांगें नहीं मानी जाएंगी। उनके खिलाफ केस दर्ज हो सकते हैं। इससे पहले शुक्रवार को मुक्तसर में डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा और ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी तीखे तेवर दिखाए। वह तू-तड़ाक पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों को बोले कि जो करना है कर लो।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.