चंडीगढ़ में एयरफोर्स ने गुरुवार को अपने 80 से ज्यादा फाइटर और ट्रांसपोर्ट प्लेन से शानदार करतब दिखाए। अत्याधुनिक राफेल के अलावा मिराज, सुखोई, मिग-21 और मिग-29 विमानों और चिनुक हेलिकॉप्टर ने सुखना लेक के ऊपर से फ्लाई पास्ट किया।
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के साथ-साथ पंजाब-हरियाणा से भी सैकड़ों लोग इस शो को देखकर रोमांचित हो गए। एयरफोर्स के पायलटों ने प्लेन पर राष्ट्रीय झंडा भी लहराया। इसे देखकर दर्शकों में देशभक्ति की भावनाएं हिलोरें मारने लगी।
इस एयर-शो को देखने हजारों लोग सुखना लेक पर पहुंचे। यह लोग CTU बसों की मदद से यहां पहुंचे। शो शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए।
अब 8 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की मौजूदगी पर सुखना लेक पर फाइनल शो होगा। हालांकि आज की रिहर्सल में भी पूरा रोमांच दिखा। CTU की बसें चंडीगढ़ समेत पंचकूला, मोहाली और अन्य जगहों से आने वाले दर्शकों को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दे रही है।
इससे पहले लोगों को शो से पहले ही तय समय पर सुबह 11 से 2 बजे के बीच लेक पर पहुंचने के लिए कहा गया था। वहीं उन्हें बसों में सफर के लिए अपनी फोटो ID भी साथ लाने को कहा गया था। शो के दौरान लोग खाने की वस्तु नहीं ले जा पाए। एयरफोर्स ने पहले ही इसे लेकर हिदायतें जारी कर दी थी। शो में आने वाले दर्शकों को सिर्फ पारदर्शी पानी की बोतल ही लाने की अनुमति दी गई है। लोगों के बैठने के लिए लेक पर ज़ोन व्यवस्था की गई है। हर पास पर बैठने के लिए ज़ोन बताई गई है।
इन चीजों पर है पाबंदी
शो देखने के लिए आने वाले दर्शकों को बैग, माचिस की डिब्बी, चाकू, सिगरेट, हथियार, शराब, खाने की चीजें, बोतल, ज्वलनशील चीजें, बैनर, पोस्टर, लकड़ी या लोहे की छड़ी आदि लाने की मनाही है। 8 अक्तूबर को भी यह मनाही रहेगी। इन चीजों को लाने पर इसे सिक्योरिटी चेकिंग के दौरान जब्त कर लिया जाएगा। वहीं किसी भी तरह का हुड़दंग करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
8 को भी यह सड़कें 11 से 7 बजे तक बंद रहेंगी
शहर में होने वाले इस भव्य आयोजन के चलते कुछ सड़कों को सुबह 11 बजे से शाम को 7 बजे तक सुरक्षा और लोगों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक के लिए बंद किया गया है। इनमें सेक्टर 1/3/4 के ओल्ड बैरिकेड चौक से सेक्टर 5/6/7/8 के हीरा सिंह चौक तक उत्तर मार्ग से सरोवर पाथ तक सड़क बंद रहेगी। इसी तरह न्यू बैरिकेड चौक, सेक्टर 3/4/9/10 पर विज्ञान पथ से लेकर सेक्टर 5/6/7/8 के हीरा सिंह चौक तक तथा सेंट कबीर लाइट पॉइंट से चंडीगढ़ गोल्फ क्लब से आगे सेक्टर 5/6/7/8 के हीरा सिंह चौक तक विज्ञान पथ पर आम ट्रैफिक बंद रहेगा।
यही नहीं सुबह 11 से शाम को 7 बजे तक सेक्टर 1/3/4 के ओल्ड बैरिकेड चौक से सेक्टर 5/6/7/8 के हीरा सिंह चौक तक आम लोगों की पैदल आवाजाही पर भी रोक रहेगी। इस रास्ते से सिर्फ शो के लिए गेस्ट को ही निकलने की मंजूरी होगी। वहीं सुखना लेक पर आज और 8 अक्तूबर को पहले ही किसी भी तरह की मनोरंजन गतिविधि पर रोक लगा दी गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.