हरियाणा को स्वच्छता सर्वे-2021 में स्टेट अवॉर्ड मिला है। साथ ही दो शहरों को गार्बेज-फ्री सिटी और एक को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज के लिए सम्मानित किया जाएगा। सभी अवॉर्ड आगामी 20 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाले स्वच्छ अमृत महोत्सव में दिए जाएंगे। प्रदेश के 12 नगर निकायों को ‘ओडीएफ प्लस-प्लस’ तथा अन्य 43 नगर निकायों को ‘ओडीएफ प्लस’ प्रमाणित किया गया है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा को केंद्र सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के तहत स्टेट अवार्ड देने की घोषणा की है। नगर निगम रोहतक तथा नगर निगम गुरुग्राम को गार्बेज-फ्री सिटी का अवार्ड मिलेगा। नगर निगम गुरुग्राम को ‘सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज’ के अवार्ड से 20 नवंबर 2021 को सम्मानित किया जाएगा।
12 नगर निकाय ओडीएफ प्लस-प्लस घोषित
केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के 12 नगर निकायों को ‘ओडीएफ प्लस-प्लस’ से प्रमाणित किया है। इनमें गुरुग्राम, करनाल, रोहतक, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, हिसार, नीलोखेड़ी, पानीपत, घरौंडा, रेवाड़ी तथा रादौर शामिल हैं। इन नगर निकायों के अलावा अन्य 43 नगर निकायों को ‘ओडीएफ प्लस’ के रूप में प्रमाणित किया गया है।
2020 में भी बेहतर प्रदर्शन किया
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में भी हरियाणा राज्य ने स्वच्छता के मामले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पिछले वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के दौरान हरियाणा के नगर निगम करनाल ने 3-स्टार रेटिंग तथा नगर निगम रोहतक को 1-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई थी। इनके अलावा, 13 शहरों गुरुग्राम, करनाल, रोहतक, अंबाला, गन्नौर, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, घरौंडा, रेवाड़ी, सांपला, हिसार तथा रादौर को ‘ओडीएफ प्लस-प्लस’ तथा 16 शहरों को ‘ओडीएफ प्लस’ घोषित किया गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.