चंडीगढ़ और पंजाब में एक मई से लेकर 21 मई तक अधिकतर जिलों में औसतन 7 दिन ही लू चली, जबकि दो हफ्ते गर्मी से राहत रही। अब इस महीने के बाकी बचे दिनों में हीटवेव चलने की संभावना नहीं है। सोमवार और मंगलवार को दोनों राज्यों समेत हरियाणा में भी बारिश होने की संभावना है। रविवार को हिमाचल कुछ जिलों और पंजाब पठानकोट में हुई बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आई है। सोमवार को नार्थ पंजाब में सबसे ज्यादा बारिश और ओले गिर सकते हैं। बाकी जिलों में भी तेज बारिश और आंधी के आसार हैं।
इससे तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। आईएमडी चंडीगढ़ के डायरेक्टर डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया इस दौरान 50 किलोमीटर या इससे भी तेज गति से हवा और बारिश होगी। राहत की बात ये है कि 31 मई तक पंजाब में लू नहीं चलेगी। जून में प्री-मानसून के जल्द आने के संकेत हैं। वहीं हरियाणा में शनिवार को हुई बारिश से रविवार को दिन के तापमान में 2.9 डिग्री तक गिरावट आई है। चंडीगढ़ में भी बारिश के आसार हैं।
शिमला में बारिश से मौसम हुआ कूल, पारा 23 डिग्री तक पहुंचा
हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का यलो अलर्ट, 26 तक खराब रहेगा मौसम
शिमला| हिमाचल में रविवार को शिमला समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि रोहतांग दर्रे के अलावा लाहौल की ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शिमला में तापमान गिरकर 23.4 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ 26 मई तक असर दिखाएगा। कई जिलों में 65 से 115 मिमी प्रति घंटे बारिश की संभावना है। 26 मई तक मौसम खराब रहेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.