पंजाब के नए CM चरणजीत चन्नी चुनाव से पहले VIP चकाचौंध से दूर अलग सियासी अंदाज में नजर आ रहे हैं। सीएम बनने के बाद वह रात को भी घर के बाहर लोगों से मिल रहे हैं। ठंड की वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। वहीं, रात को खाना भी नहीं मिलता था। जिसे देखते हुए अब उन्होंने अपने घर के बाहर टेंट लगवा दिया।
वहीं, लोगों के लिए खाने और चाय का भी प्रबंध कर दिया। शनिवार रात को सीएम चन्नी लोगों से मिले और उन्हें अपने हाथ से खाना भी बांटा। इस दौरान उन्होंने लोगों को कहा कि पहले वह खाना खा लें, उसके बाद उनसे बात करेंगे। लोग भी एक मुख्यमंत्री के इस अंदाज को देख प्रभावित दिखे।
सीएम के अलग अंदाज दिखाने के सियासी मायने भी
सीएम चरणजीत चन्नी के इस अंदाज के सियासी मायने भी हैं। इसके जरिए वह अपने पूर्व मुख्यमंत्रियों के वीआईपी कल्चर का जवाब दे रहे हैं। वहीं, सबसे बड़ा निशाना आम आदमी पार्टी भी है। जो अक्सर उनके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आम लोगों के बीच घूमने का उदाहरण देते रहे हैं। ऐसे में सीएम चन्नी इस सवाल पर बड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं, अगले चुनाव के बाद कांग्रेस जीती तो सीएम की कुर्सी पर दावा मजबूत रहे, इसके लिए भी चन्नी की यह पहल पार्टी पर निसंदेह भारी पड़ेगी।
कभी गोलकीपर तो कभी भंगड़ा कर चौंका चुके
सीएम चरणजीत चन्नी इससे पहले हॉकी के गोलकीपर भी बन चुके हैं। उन्होंने पहले मोहाली के ग्राउंड में प्रैक्टिस की। जिसके बाद जालंधर में शिक्षा और खेल मंत्री परगट सिंह के साथ हॉकी मैच खेला। सीएम बनने के बाद वो PTU कपूरथला गए तो वहां स्टेज पर भंगड़ा करने लगे।
फुटपाथ पर बैठकर सुनी समस्या
इससे पहले सीएम चन्नी की घर के बाहर फुटपाथ पर बैठकर लोगों की शिकायत सुनने की वीडियो भी सामने आ चुकी है। जिसमें वह लोगों के साथ खूब फोटो भी खिंचवा रहे हैं।
कैप्टन और विरोधियों की VIP इमेज को तोड़ रहे
सीएम चरणजीत चन्नी के इस अंदाज को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और विरोधियों की VIP इमेज को तोड़ने से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कैप्टन पर अक्सर यह आरोप रहे कि वह बड़े सुरक्षा घेरे में रहते हैं। वह लोगों से नहीं मिलते। वहीं, पंजाब की सत्ता पर काबिज रहे बादल परिवार के पास भी भारी सिक्योरिटी है। इसी वजह से सीएम चन्नी ने पहले अपनी सिक्योरिटी कम करवाई। अब वह खुलकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.