पंजाब के फिरोजपुर में बुधवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली रद्द होने के बाद केंद्र सरकार और पंजाब की कांग्रेस सरकार में तनातनी बढ़ती जा रही है। PM मोदी की रैली रद्द करने की वजह सुरक्षा में चूक बताई गई मगर पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी ने दोटूक शब्दों में किसी भी तरह की चूक से इनकार कर दिया।
उधर इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नाराजगी जताई है। शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय ने पंजाब में PM की सिक्योरिटी में चूक को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। PM के विजिट के दौरान सुरक्षा में ऐसी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इस मामले में जवाबदेही तय की जाएगी।
शाह यहीं नहीं रुके। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पंजाब में कांग्रेस की तरफ से प्रायोजित यह घटना इस बात का ट्रेलर है कि वह कैसे सोचती और काम करती है। लगातार लोगों की तरफ से रिजेक्ट किए जाने के बाद कांग्रेस पागलपन के रास्ते पर खड़ी हो गई है। कांग्रेस नेताओं को पूरे देश से अपने किए पर माफी मांगनी चाहिए।
PM नरेंद्र मोदी बठिंडा के भिसियाना एयरफोर्स स्टेशन पर उतरे। पहले उन्हें यहां से हेलिकॉप्टर के जरिये फिरोजपुर जाना था मगर मौसम खराब होने की वजह से हेलिकॉप्टर का उड़ान भर पाना संभव नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के अधिकारियों ने पंजाब पुलिस से चर्चा की और पुलिस की सलाह के अनुसार PM का काफिला सड़क मार्ग के रास्ते फिरोजपुर के लिए रवाना हुआ।
फिरोजपुर जिले में मुदकी के पास सड़क पर प्रदर्शनकारियों के बैठे होने की सूचना के बाद प्रधानमंत्री का काफिला 10 किलोमीटर पहले रुक गया और लगभग 20 मिनट इंतजार करने के बाद प्रधानमंत्री रैली में जाने का प्रोग्राम रद्द करते हुए वहीं से वापस बठिंडा के लिए रवाना हो गए।
जाखड़ बोले- आज जो हुआ, वह स्वीकार्य नहीं
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रधान और पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर गठित कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़ ने PM की सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी ही सरकार पर सवाल उठा दिए। जाखड़ ने कहा कि फिरोजपुर में आज जो हुआ, वह स्वीकार करने योग्य नहीं है। यह पंजाबियत के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए फिरोजपुर में भाजपा की राजनीतिक रैली तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया जाना चाहिए था। लोकतंत्र इस तरह काम नहीं करता।
नड्डा ने बताई रैली रद्द होने की वजह
पंजाब के फिरोजपुर में बुधवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा पंजाब भाजपा के तमाम नेता पहुंच चुके थे। आखिरी क्षणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रोग्राम रद्द होने पर शुरू में कहा गया कि खराब मौसम या कोरोना की वजह से रैली रद्द की गई। हालांकि बाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक के बाद एक, कई ट्वीट कर इसकी जो वजह बताई, वह बहुत ही चौंकाने वाली रही।
जेपी बोले- चन्नी ने फोन पर बात करने से ही मना कर दिया
नड्डा के अनुसार,पीएम का काफिला जब नेशनल हाईवे पर फंसा तो पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने फोन पर बात करने या इस समस्या का समाधान करने से ही इनकार कर दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने पीएम की रैली रद्द करने के लिए ओच्छे हथकंडे अपनाए। कांग्रेस को यह भी याद नहीं रहा कि रैली से पहले पीएम को शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव को श्रद्धांजलि देने के अलावा कई विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और नींव पत्थर भी रखना था।
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी है और उसके नेताओं के मन में स्वतंत्रता सेनानियों के लिए कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात ये रही कि प्रधानमंत्री के बठिंडा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पंजाब के चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी ने कहा कि पीएम का रूट साफ है जबकि हाईवे पर प्रदर्शनकारी बैठे हुए थे।
कैप्टन ने कांग्रेस और चन्नी सरकार को कोसा
कांग्रेस पार्टी छोड़ चुके पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली रद्द होने के बाद कांग्रेस पार्टी और पंजाब की चन्नी सरकार पर जमकर हमला बोला। कैप्टन ने कहा कि चन्नी सरकार पंजाब का बेड़ागर्क करने पर तुली है। कांग्रेस का प्रधान नवजोत सिद्धू कोई न कोई ऊटपटांग बयान देता रहता है। सिद्धू कांग्रेस पार्टी की मेनिफेस्टो कमेटी का मेंबर नहीं है, फिर भी घोषणाएं कर रहा है। यह सरकार 70% उधार पर चल रही है। लोगों को गुमराह कर वोट लेना चाहते हैं। पंजाब में मुख्यमंत्री से लेकर कांग्रेस प्रधान तक झूठ बोल रहे हैं।
कैप्टन ने कहा कि दिल्ली का CM अरविंद केजरीवाल पंजाब आकर कहता है कि सरकार बनने पर वह यहां 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को एक हजार रुपए प्रति महीना देगा। यह संभव ही नहीं है क्योंकि इसकी कुल रकम एक लाख 25 हजार करोड़ बन जाती है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के बारे में सबकुछ जानते हैं। पाकिस्तान से लगते 600 किलोमीटर लबे की वजह से पंजाब और चीन का खतरा बना हुआ है। कैप्टन ने कहा कि पंजाब को मजबूत बनाने के लिए यहां BJP का सत्ता में आना जरूरी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस छोड़ने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बना चुके हैं और वह भाजपा और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी के साथ मिलकर लगभग दो महीने बाद होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।
इंटरनेशनल बॉर्डर से लगा सरहदी क्षेत्र फिरोजपुर
पंजाब के फिरोजपुर में जहां PM मोदी की रैली होनी थी, वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से सटा सरहदी इलाका है। फिरोजपुर जिले की गुरुहरसहाय विधानसभा सीट के मौजूदा विधायक राणा गुरमीत सोढ़ी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अकाली नेता गुरतेज सिंह घुड़ियाना भी भाजपा में जा चुके हैं। भाजपा यहां अपने पैर मजबूत करने की कोशिश कर रही है। किसी समय फिरोजपुर जिले का ही हिस्सा रहे फाजिल्का और अबोहर में भाजपा मजबूत है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.