कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा को मोहाली कोर्ट में पेश कर दिया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में पटियाला जेल भेज दिया है। ED ने रिमांड बढ़ाने की मांग की थी लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया।
इससे पहले समर्थकों ने खैहरा की पेशी पर नारेबाजी कर समर्थन किया। इससे खैहरा भी गदगद दिखे। कोर्ट में उनकी रिमांड और जमानत को लेकर सुनवाई हुई। 7 दिन का रिमांड खत्म होने के बाद एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की टीम उन्हें कोर्ट लेकर आई है। वहीं खैहरा ने कहा कि इस तरह केस से उनका मनोबल नहीं टूटेगा। यह राजनीतिक साजिश है। भाजपा पहले से खिलाफ थी लेकिन कांग्रेस में बैठे आस्तीन के सांपों ने उनके खिलाफ साजिश रची है।
खैहरा ने कहा कि अभी तक उन्हें गिरफ्तार करने के ग्राउंड के बारे में नहीं बताया। उन पर आरोप लगा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के नाम पर पैसे इकट्ठे किए। खैहरा ने कहा कि उनका टूर आप आदमी पार्टी ने स्पॉन्सर्ड किया था। उन्होंने 16 शहरों का टूर किया। आप के यूएसए के ऑफिशियल पेज पर इसकी जानकारी है। सारा पैसा केजरीवाल को गया।
फाजिल्का केस में उनका नाम नहीं है। न ही किसी गवाह ने उनका नाम लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने फाजिलका का एनडीपीएस केस स्टे किया है। यह अंधेरगर्दी और अन्याय है। खैहरा ने कहा कि दुख है कि उनकी कांग्रेस पार्टी ने भी साथ नहीं दिया।
कांग्रेस नेता ने भी HC में दी गिरफ्तारी को चुनौती
कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा भी अपनी गिरफ्तारी को गलत करार देते हुए पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनका कहना है कि फाजिल्का ड्रग केस को सुप्रीम कोर्ट ने स्टे कर रखा है। ऐसे में उस केस में गिरफ्तारी गैरकानूनी है।
भूख हड़ताल पर भी बैठे खैहरा
सुखपाल खैहरा ईडी की कस्टडी में भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि चंडीगढ़ पुलिस ने उनसे कड़ा उतारने को कहा, जो उनके गुरुओं की निशानी है। इसके बाद उनके बेटे मेहताब खैहरा ने कहा था कि जब तक चंडीगढ़ पुलिस के अफसर पर कार्रवाई नहीं होती, पिता सुखपाल खैहरा भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे।
खैहरा को मिला समर्थन
सुखपाल खैहरा की गिरफ्तारी के बाद उन्हें पंजाब में कई जगहों से समर्थन मिला है। लुधियाना से विधायक सिमरजीत बैंस के अलावा किसान आंदोलन से जुड़े लक्खा सिधाना, लुधियाना से आप नेता रहे एडवोकेट कोमल गुरनूर सिंह समेत कई लोगों ने गिरफ्तारी का विरोध किया है। खैहरा की पेशी के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रह सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.