चंडीगढ़ में शुक्रवार को कोरोना के 1834 नए केस सामने आए। वहीं दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट 25.21 प्रतिशत तक पहुंच गया। अब कोरोना के सक्रिय मामले कुल 7257 हो गए हैं। नए मामलों में 991 पुरुष और 843 महिलाएं शामिल हैं। मनीमाजरा में सबसे अधिक 163 मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि 391 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके साथ 6629 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।
सेक्टर 26 ट्रांसपोर्ट एरिया के रैन बसेरा के पास रहने वाले एक 44 वर्षीय व्यक्ति को जीएमएसएच-16 ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित किया गया। वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जानकारी के मुताबिक उसे शुगर और किडनी की बीमारी थी और वह शराब पीने का आदि था। उसे कोरोना वैक्सीन भी नहीं लगी हुई थी। दूसरे मामले में सेक्टर 32 की 50 वर्षीय महिला की मौत हुई है। उसे हाइपरटेंशन की बीमारी थी और उसके कोरोना वैक्सीन लगी हुई थी।
कोरोना टेस्टिंग के दौरान सही जानकारी देने के आदेश
चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि उनकी जानकारी में आया है कि कोविड टेस्टिंग के दौरान पोर्टल पर जिन लोगों का पता और अन्य जानकारियां डाली गई हैं। उनमें से कुछ की गलत जानकारी है और कुछ अधूरी जानकारियां हैं। इसके अभाव में पॉजिटिव मरीजों को मेडिकल सुविधाएं मुहैया नहीं हो पा रही। साथ ही उनके कॉन्टेक्ट में आने वाले लोगों को ट्रेस करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सरकारी और निजी लैब को आदेश दिए गए हैं कि सैंपल लेते समय उचित पता और जानकारी लिखी जाए। इसे सुनिश्चित किया जाए। इस जानकारी को पहचान पत्र देख कर लिया जाए। पहचान पत्रों की गैर मौजूदगी में व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर कॉल कर जानकारी सुनिश्चित की जाए। पोर्टल पर भी उचित जानकारी डाली जाए। इन निर्देशों की उल्लंघना पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.