हत्या के एक मामले में आज चंडीगढ़ पुलिस ने 42 साल की महिला को कोर्ट में पेश कर उसका 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस उससे हत्या का कारण और उसे अंजाम देने के तरीके के बारे में जानकारी हासिल करेगी। खरड़ के सन्नी एनक्लेव से बीते शनिवार को इस महिला की गिरफ्तारी की गई थी। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने सेक्टर 39 थाने में दर्ज हत्या का केस सुलझा लिया है। जानकारी के मुताबिक महिला के मृतक के साथ अवैध संबंध थे। महिला के मुताबिक, मृतक उसकी बेटी पर गलत नजर रखता था। इसलिए उसने उसकी हत्या की है।
मामले में सेक्टर 41-ए के साहिल ने पुलिस को शिकायत दी थी। 2 मई को उसके पिता चंद्र पाल यह कह सुबह 10 बजे घर से निकले थे कि शाम तक लौट आएंगे। उसी शाम शाम को पांच बजे शालू का साहिल को फोन आया कि उसके पिता ने ज्यादा शराब पी ली है। वह उसे परेशान कर रहे हैं।
साहिल ने जब अपने पिता को फोन किया तो उन्होंने पिक नहीं किया। साहिल के मुताबिक उसके पिता के शालू के साथ संबंध थे। 3 मई को शालू ने साहिल को फिर फोन कर सेक्टर 41-ए के एक मकान में बुलाया।
वहां साहिल ने देखा कि उसके पिता बैड पर अचेत पड़े हुए हैं और उनके गले पर लाल निशान थे। उसने आरोप लगाया कि किसी ने उसके पिता का गला घोंट उनकी हत्या की है। जिसके बाद पुलिस ने सबूत जुटाते हुए शालू को गिरफ्तार कर लिया। शालू का अपने पति से तलाक हो रखा था और उसकी एक बेटी है। जानकारी के मुताबिक महिला घर में सफाई का काम करती थी। वहीं मृतक नगर निगम में ट्यूबवैल ऑपरेटर था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.