मौसम की खबर:12 घंटे में 20 मिमी बरसा पानी, दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम, फिर मानसून की वापसी से होगी बारिश

अंबिकापुर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
धूप-छांव के बीच बारिश के दौरान शहर की सड़कों का नजारा। - Dainik Bhaskar
धूप-छांव के बीच बारिश के दौरान शहर की सड़कों का नजारा।

मानसून की सीजन तो गुजर गया, लेकिन बंगाल की खाड़ी में हो रही चक्रवाती हलचल से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। इसके प्रभाव से मंगलवार को भोर में शहर सहित आसपास के इलाके में 18 मिमी बारिश हुई। फिर शाम को बारिश ने पूरे इलाके को भिगो दिया। मौसम विभाग के अनुसार 12 घंटे के अंतराल में शहर में कुल 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारिश को धान की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। इधर मौसम के मिजाज अगले दो दिन ऐसे ही रहने की संभावना है। फिर राजस्थान तरफ से हो रही मानसून की वापसी से बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार अभी बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के प्रभाव से तामिलनाडु से लेकर पश्चिमी मध्यप्रदेश तक द्रोणिका बन गई है। यह बारिश के लिए अनुकूल स्थिति है।

नमी के कारण अगले दो दिन बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के मेट्रोलाजिस्ट एएम भट्‌ठ ने बताया बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम बनने से नम हवा आ रही है। इससे तामिलनाडु से पश्चिम मध्यप्रदेश तक द्रोणिका बनी हुई। इससे मंगलवार को भोर में बारिश हुई। आने वाले दो दिन तक मौसम इसी तरह रहेगा।

पूरे दिन धूप-छांव का लगा रहा दौर, पारा 28.1 डिग्री दर्ज
द्रोणिका के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। वातावरण में बढ़ी नमी के कारण बादलों की आवाजाही लगी रही और इस दौरान बीच-बीच में धूप भी निकली। बारिश और बादल के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने लगा है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री नीचे हैं।