• Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Balod
  • District Level Chhattisgarhia Olympic, Women March Past In Saris, MLA Sangeeta Sinha, Officers And Local Public Representatives Played A Game Of Tug Of War

विधायक और प्रशासन के बीच रस्साकशी:बालोद जिले में छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक, महिलाओं ने साड़ी में किया मार्चपास्ट

बालोद4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
रस्साकशी का खेल खेलती हुईं विधायक संगीता सिन्हा।

बालोद शहर के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक का शुभारंभ हुआ, जहां हर वर्ग और हर उम्र के लोगों ने अपनी हिस्सेदारी निभाई। बतौर मुख्य अतिथि यहां पर संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा शामिल हुईं।

छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक के शुरुआत में प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों और विधायक संगीता सिन्हा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के बीच रस्साकशी का खेल (Tug of War) हुआ, जिसमें विधायक की टीम ने बाजी मारी। वहीं पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम और नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा के नेतृत्व में पुरुष जनप्रतिनिधियों की टीम ने भी रस्साकशी का खेल खेला। इसमें मैच टाई रहा।

लोगों से मिलते हुए जनप्रतिनिधि।
लोगों से मिलते हुए जनप्रतिनिधि।

साड़ी में मार्च पास्ट, ये है बदलाव- संगीता सिन्हा

संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि यहां पर महिलाएं साड़ी पहनकर सलामी दे रही हैं, मार्च पास्ट कर रही हैं, ये अपने आप में अद्भुत है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोच को सलाम करते हुए कहा कि इस आयोजन ने पूरे प्रदेश की जनता को एक सूत्र में बांधकर रखा दिया है। गांवों के बाद अब जिला स्तर पर इसे लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने सभी को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालोद जिला हमारा अव्वल आए। उन्होंने कहा कि एक मंच पर सभी यहां दिख रहे हैं, ये अपने आप में एक सुखद अनुभव है।

साड़ी में मार्च पास्ट करती हुई महिलाएं।
साड़ी में मार्च पास्ट करती हुई महिलाएं।

नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने कहा कि ये जो अवसर हम सब को मिला है, उसे देने का काम किया है प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने। यह ओलिंपिक का पहला सीजन है और आने वाले समय में यह खेल और बड़ा स्वरूप लेता जाएगा। उन्होंने कहा कि एक पिता अपने बेटे को प्रोत्साहित करता है, लेकिन इस ओलिंपिक में एक बेटा अपने पिता को प्रोत्साहित करता है, यह बहुत बड़ी बात है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक से एक छत्तीसगढ़िया क्रांति की शुरुआत हो रही है।