शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। इस सीजन रात का पारा पहली बार 28 डिग्री के पार हुआ। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्री ज्यादा रहा। सुबह से शाम तक अधिकांश समय के लिए मौसम साफ रहा। गर्म व शुष्क हवा चली। इस वजह से गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। सुबह से ही सूर्य की तपिश से लोग परेशान रहे।
वर्तमान में दूसरे राज्य में एक द्रोणिका सक्रिय है। बावजूद इसका असर नहीं पड़ रहा है क्योंकि दक्षिण दिशा से गर्म व शुष्क हवा आ रही है। हालांकि दोपहर में कुछ समय के लिए मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है और आगे भी ऐसे आसार है लेकिन गर्मी व उमस से राहत नहीं मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि ईरान क्षेत्र के मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।
जिसके प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव हो सकता है। एक द्रोणिका 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से एक-दो स्थान पर हल्की बारिश होने या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। सिस्टम सक्रिय होने के बावजूद रविवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री वृद्धि हो सकती है।
रात मंे गर्मी व उमस से नहीं मिल रही राहत
16 मई तक न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने के आसार है इसलिए रात में गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिन मौसम साफ रहने व धूप खिलने की वजह से रात में गर्मी से ज्यादा उमस का अहसास हो रहा है।
शनिवार शाम 6 से 7 बजे के बीच नमी की मात्रा 38 फीसदी रही। इस दौरान 6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा। लिहाजा गर्मी व उमस महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी व उमस और बढ़ेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.