छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पति के साथ मंदिर में दर्शन करने गई एक महिला का 1 महीने के बाद शव मिला है। बताया जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया गया था। हालांकि, यह हत्या किसने की है यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन, प्रारंभिक तौर पर पुलिस महिला के पति को ही आरोपी मान रही है। जिसे हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर के तेतरकुटी के रहने वाले बृजेश सिंह यादव ने थाने में अपनी बेटी सीमा यादव (22) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बृजेश ने पुलिस को बताया था कि, उसकी बेटी अपने पति जय शंकर पांडेय के साथ गिरोला मंदिर दर्शन के लिए जा रही है। जिसके बाद वह लौटी नहीं। इधर, इस मामले के ठीक 1 महीने बाद गुरुवार को जगदलपुर के पास के ही जंगल में लाश दफनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
जानकारी मिलते ही तहसीलदार समेत पुलिस के जवान-अफसर सभी मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकाला गया। फिर, बृजेश सिंह यादव को मौके पर बुलाया गया। जिसने मृत महिला की पहचान अपनी बेटी सीमा के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जिसके बाद पुलिस ने मृतिका के पति जय शंकर पांडेय को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही जी।
लोगों ने दी थी पुलिस को सूचना
जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि, इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि जंगल में गड्ढा कर कुछ दफनाया गया है। मिट्टी उभरी हुई है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिर गड्ढा कर देखा तो अंदर एक महिला की लाश मिली। जिसकी शिनाख्त सीमा यादव के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि, इस मामले के संबंध में मृतिका के पति को भी हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ जारी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.