छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुराक्षाबलों के लिए अब दिल्ली तक का सफर आसान हो गया है। जवानों के लिए जगदलपुर-रायपुर-दिल्ली तक फ्री में इंडिगो फ्लाइट की शुरुआत की गई है। 7 मई को जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से 78 सीटर इंडिगो फ्लाइट ने बस्तर के 37 जवानों को लेकर दिल्ली के लिए पहली उड़ान भरी है। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन शनिवार, रविवार और बुधवार को ही चलेगी। अन्य प्रदेशों में रहने वाले अर्धसैनिक बलों के जवानों को अब छुट्टियों में अपने घर जाने लंबा सफर तय करना नहीं पड़ेगा।
इंडिगो की यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से रवाना होगी और दोपहर 3 बजे रायपुर पहुंचेगी। वहीं रायपुर से 3.20 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। जगदलपुर से यह फ्लाइट 4:50 बजे रवाना होगी जो शाम 5:40 बजे रायपुर पहुंचेगी और रायपुर से 6:20 बजे रवाना होकर रात 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। जगदलपुर से इंडिगो की फ्लाइट से पहली उड़ान भरने वाले जवानों को माला पहनाकर रवाना किया गया है।
पहले दिन इस फ्लाइट से यात्रा करने वाले कोबरा बटालियन करनपुर में पदस्थ हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अजीत यादव ने बताया कि पहले उन्हें अपने घर पहुंचने के लिए लगभग तीन दिन लग जाते थे। यह यात्रा बहुत अधिक थकाऊ होती थी। लेकिन अब यहां से लगभग पांच बजे जगदलपुर से निकलकर रात लगभग सवा नौ बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वहां से लगभग एक घंटे में अपने गांव पहुंच सकते हैं। जवान ने बताया कि अब अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिलेगा। पहले आधी छुट्टी सिर्फ यात्रा में ही निकल जाती थी।
इनको मिलेगी सुविधा
प्रत्येक उड़ान में 60 जवानों को यात्रा की सुविधा मिलेगी। जिसमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के लिए 20, सीमा सुरक्षा बल और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के लिए 15-15, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के लिए 3, सशस्त्र सीमा बल के लिए 4, आईबी के लिए एक और असम रायफल्स के लिए 2 सीट आरक्षित रहेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.