केंद्र की लोकसभा प्रवास योजना के तहत केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेवर टुडू बस्तर पहुंचे हैं। उन्होंने संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कार्यकर्ताओं से कहा कि, भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के नेता है। भाजपा का कार्यकर्ता होना गौरव की बात है। भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के साथ जीत का लक्ष्य लेकर निरंतर कार्य करें।
विश्वेवर टुडू ने कहा कि इंद्रावती नदी पर ओडिशा-छत्तीसगढ़ के बीच जल बंटवारे के MOU का रिवीजन होना चाहिए। ताकि समय के साथ CG में जहां पानी की जरूरत बढ़ेगी वहां इसकी उपलब्धता हो जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, पोलावरम परियोजना से CG और ओडिशा के प्रभावित होने वाले गांवों पर जन सुनवाई के काम राज्य सरकार का है। राज्य सरकार इसे हल करे।
तीन दिनों तक बस्तर में ही रहेगा डेरा
दरअसल, केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेवर टुडू तीन दिनों तक बस्तर में ही रहेंगे। यहां के विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। हीराखंड एक्सप्रेस ट्रेन से जगदलपुर पहुंचे। यहां राज्यमंत्री विश्वेवर टुडू का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य रूप से स्वागत किया। वहीं जगदलपुर के भाजपा जिला कार्यालय में विश्वेवर टुडू ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और बैठक ली। आगामी चुनावों को देखते हुए रणनीति बनाई। साथ ही कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि, आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय का परचम लहराना है। लोकसभा प्रवास योजना के तहत लगातार कार्यक्रम और कार्य होंगे, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता जुटे रहें। लोकसभा प्रवास योजना के प्रदेश संयोजक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू ने कहा कि देश में 144 लोकसभा क्षेत्र को लोकसभा प्रवास योजना के लिए चिन्हित किया गया है। छत्तीसगढ़ में बस्तर और कोरबा संसदीय क्षेत्र इसमें शामिल है। केंद्रीय राज्यमंत्री का निरंतर प्रवास बस्तर में होगा। भाजपा के कार्यकर्ता ऊर्जा के साथ आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.