लापता CRPF जवान 52 दिन बाद लौटा घर:बोला- पत्नी करती थी टॉर्चर, पीटने के लिए दौड़ाती थी, इसलिए छोड़ा था घर

जगदलपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

छ्त्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित CRPF 80वीं बटालियन का लापता जवान 52 दिन बाद घर लौट आया है। घर से भागने के बाद जवान निर्मल कटारिया मध्यप्रदेश में रह रहा था। जगदलपुर लौटने के बाद जवान ने घर छोड़ने की वजह पारिवारिक कारण को बताया।

जवान के मुताबिक उसकी पत्नी हिना कटारिया उसे टॉर्चर करती थी। पिटाई करने के लिए दौड़ाती थी। पत्नी की इन्हीं हरकतों से तंग आ गया था। इसलिए घर छोड़कर चला गया था। हालांकि, जवान की पत्नी ने झूठा आरोप लगाना बताया है।

निर्मल कटारिया ने कहा कि, हम दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। किसी न किसी बात को लेकर हर दिन घर में झगड़ा होता था। पारिवारिक कलह इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि घर छोड़ने का और कहीं जाकर सुसाइड करने का निर्णय ले लिया था। इसी वजह से 5 अगस्त से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। निर्मल कटारिया का कहना है कि, मध्यप्रदेश के किसी शहर में रहकर मजदूरी कर गुजारा चला रहा था।

पत्नी बोली- सारे आरोप झूठे

इधर, जवान की पत्नी हिना कटारिया ने पति के लगाए सारे आरोपों को झूठा कहा है। उन्होंने कहा कि, पति मुझे टॉर्चर करते थे। मायके वालों से पैसे मांगने को कहते थे। इसमें ससुराल वालों का भी हाथ था। पैसों की तंगी और उधारी के चलते वे घर छोड़कर चले गए थे। अब ससुराल वालों के दबाव में आकर गलत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि, पति जगदलपुर आ तो गए हैं लेकिन वे अभी घर पर साथ में नहीं है। दरअसल, कुछ दिन पहले भी महिला ने प्रेस वार्ता लेकर अपने पति पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।

3 दिसंबर से था लापता

जवान निर्मल कटारिया 3 दिसंबर से लापता था। पत्नी ने जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट बोधघाट थाने में दर्ज करवाई थी। पत्नी ने उस समय भी मीडिया से कहा था कि पति पर 70 से 80 हजार रुपए का कर्ज था। उधार की वजह से वे घर छोड़कर भागे थे। महिला ने बताया कि, जगदलपुर लौटने से कुछ दिन पहले पति ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग नामों से 3 ID बनाई थी। चैट में हमारी अच्छे से बात हुई थी। अब यहां आने के बाद मीडिया के सामने कुछ भी आरोप लगा रहे हैं।

प्रदेश में इस तरह के और भी मामले सामने आए थे.. नीचे पढ़ें

कोरबा जिले में 15 दिन पहले एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। उसने अपनी पत्नी को इसलिए मार दिया, क्योंकि उसे उसके चरित्र पर संदेह था। इसलिए रात को हाथ-मुक्के से जमकर महिला को पीटा और सो गया। इसके बाद महिला जब सुबह उठी तो फिर से उसे घसीट-घसीटकर मारा। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। मामला बांगो थाना क्षेत्र का है।

खुर्रुभांठा गांव में दुबराज सिंह सारोठिया(55) अपनी परिवार के साथ रहता था। दुबराज घर का खर्चा चलाने के लिए खेती किसानी करता था। उसके 2 बेटे कहीं बाहर काम करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले से दुबराज अपनी पत्नी बालकुंवर पर चरित्र शंका करने लगा था। उससे कहता था कि तेरा किसी और से संबंध है। इसलिए दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था।

पीटकर सो गया

रविवार रात को दोनों ने साथ में खाना खाया। इसके बाद भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दुबराज ने महिला को हाथ-मुक्के से जमकर मारा। इसके बाद वह सो गया। बालकुंवर भी सो गई थी। फिर जब सोमवार सुबह दोनों सोकर उठे तब भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जिसके बाद आरोपी ने महिला को घसीट-घसीट कर मारना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला को इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़िए

रायपुर में दो महीने पहले घरेलू विवाद पर पति पत्नी के बीच हुई तू-तू मैं-मैं मारपीट पर पहुंच गई थी। बात इस कदर बिगड़ी की पति की पिटाई से महिला की मौत हो गई । पति की मार से अधमरी हुई महिला को रायपुर के एम्स अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

यह घटना रायपुर के सरोना इलाके में हुई। सतनामी पारा में रहने वाली 35 साल की रेखा आदिल को उसके पति संजय आदिल ने ही मार डाला। संजय कचरा बीन कर गुजारा किया करता था और आए दिन अपनी पत्नी के साथ झगड़ा किया करता था। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक 3 दिसम्बर को संजय का अपनी पत्नी की रेखा से विवाद हुआ । संजय शराब भी पीता है इसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ करता था । कभी खाना बनाने तो कभी घर के काम को लेकर संजय पत्नी को रोका टोका करता था इसी वजह से दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। पूरी खबर पढ़िए

शराब पीकर सो रही पत्नी को मार डाला

रायगढ़ जिले में 3 दिन पहले एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। उसकी पत्नी शराब पीकर सो रही थी। इसी दौरान शख्स ने पहले झगड़ा किया। कहा-तूने इतनी शराब क्यों पी ली है। फिर कुल्हाड़ी से कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है। मामला रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र का है।

बाकारूमा गांव में सियाराम सारथी (46) अपनी पत्नी नेहा सारथी(35) के साथ रहता था। सियाराम घर का खर्चा चलाने के लिए खेती किसानी करता था। नेहा उसकी तीसरी पत्नी थी। पहले 2 पत्नियों की मौत हो चुकी है। इसके बाद सियाराम नेहा को अपनी पत्नी बनाकर उसके साथ रह रहा था।

चावल लेने सोसाइटी गया था

बताया गया कि सोमवार को सियाराम चावल लेने सोसाइटी गया था। उसी दौरान दोपहर को नेहा कहीं से शराब पीकर आई थी। शराब पीकर आने के बाद वह घर के कमरे में सो रही थी। तभी सियाराम मौके पर पहुंच गया। यहां पहुंचने के बाद उसने नेहा को उठाया। मगर वह उठ नहीं रही थी। तब सियाराम ने कहा कि इतनी क्यों पी ली है। इसके बाद उससे झगड़ा करने लगा, झगड़ा इतना बढ़ गया कि सियाराम ने कुल्हाड़ी उठाकर महिला पर कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें

खबरें और भी हैं...