छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के संभागीय खेल अधिकारी को कलेक्टर चंदन कुमार ने सस्पेंड कर दिया है। खेल अधिकारी रविंद्र पटनायक पर आरोप था कि, उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक से नहीं किया। छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक खिलाड़ियों को घटिया और कम मात्रा में खाना परोसा था। जिसकी शिकायत के बाद तहसीलदार ने जांच की। जिसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई। तथ्य सही पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दरअसल, 7 और 8 दिसंबर को जगदलपुर में छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता थी। इसमें संभाग भर से करीब 200 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों का आरोप था कि उन्हें सुबह नाश्ता नहीं मिला और जिन्हें थोड़ा बहुत नाश्ता मिला भी उसकी क्वालिटी ठीक नहीं थी। शाम तक खिलाड़ी भूखे थे। जिम्मेदार खाने का बंदोबस्त नहीं किए थे। इसी के विरोध में खिलाड़ियों ने सड़क पर उतर चक्का जाम किया था।
जिसके बाद आनन-फानन में प्रशासन की टीम ने खिलाड़ियों के लिए खाने का बंदोबस्त किया था। हालांकि उसकी क्वालिटी भी ठीक नहीं थी और खाना भी कम पड़ गया था। इस मामले पर भाजपा के कार्यकर्ता भी मैदान पर उतरे थे। उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद कलेक्टर के आदेश पर तहसीलदार ने मामले की जांच की थी। जांच में तथ्य सही पाए जाने के बाद कलेक्टर ने संभागीय खेल अधिकारी रविंद्र पटनायक पर निलंबन की कार्रवाई की है।
यहां थे पदस्थ
बताया जा रहा है कि, संभागीय खेल अधिकारी रविंद्र पटनायक पीटीआई टीचर हैं। वे मूलतः बस्तर जिले के तितिरगांव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ थे। साथ ही संभागीय खेल अधिकारी की भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.