छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी एक बार फिर से फोर्स को अपना निशाना बनाने की फिराक में थे। जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में IED प्लांट कर रहे थे। इसी बीच अचानक फोर्स पहुंच गई। जिन्हें देख ग्रामीण वेशभूषा पहने 5 नक्सली बरसाती नाला को पार कर भाग निकले। हालांकि, BDS ने IED बरामद कर डिफ्यूज कर दिया है। मामला बीजापुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के गोरना-मनकेली मार्ग पर सुरक्षा कर्मी हर दिन नक्सल ऑपरेशन पर निकलते हैं। इस इलाके में लगातार जवानों की पैठ बढ़ रही है। इसलिए माओवादी जवानों को नुकसान पहुंचाने के मंसूबे से शुक्रवार को ग्रामीण वेशभूषा में यहां IED प्लांट करने के लिए पहुंचे हुए थे। हालांकि इसी बीच DRG के जवान पहुंच गए। जिससे माओवादी IED नहीं लगा पाए और जवानों को देखकर भाग निकले।
बताया जा रहा है कि, जवानों ने उनका पीछा भी किया। पकड़ पाते इससे पहले सभी बरसाती नाला को पार कर जंगल की तरफ भाग निकले। जिसके बाद BDS की टीम ने इलाके की सर्चिंग की, जिसमें 3 किलो की जिंदा IED बरामद की गई। जिसे मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया। जवानों ने माओवादियों के मंसूबे को नाकाम कर दिया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.