ग्राम पंचायत बुचीपुर में बुधवार की सुबह लगभग साढ़े 7 बजे नव-विवाहित दंपति के बीच विवाद छिड़ गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा 3 महीने पहले ही शादी करके लायी पत्नी की पति ने बसूले से गले पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी रामचरण साहू (25) अपनी पत्नी मृतका कावेरी साहू (19) के चरित्र पर शंका करता था व शादी में दहेज नहीं मिलने को लेकर भी प्रताड़ित करता था।
लोगों ने बताया कि तीन महीने पहले ही दोनों की शादी हुई थी। आरोपी मृतका को शुरुआत से ही दहेज में मोटर साइकिल नहीं दिए जाने को लेकर प्रताड़ित करता था। इसके साथ ही मृतका के चरित्र को लेकर भी उसे परेशान करता था। दोनों के बीच दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी।
आरोपी अपने ससुराल में मृतका के माता-पिता को अपनी बेटी को वापस ले जाने की बात कहता था। कई बार लड़की के पिता बेदू राम साहू ने अपने बेटी का हालचाल जानने के लिए अपने समधी को फोन किया, इस दौरान भी आरोपी दामाद ने बात नहीं कराने की बात कह दी। इसके बाद मृतका के पिता बेटी से मिलने नहीं पहुंच पाए।
प्रताडि़त करता था पति
बुचीपुर के सरपंच भुवन लाल वर्मा का कहना है कि मृतका की शादी 3 महीने पहले ही हुई थी। वे बताते हैं कि महिला ग्राम खाम्ही की रहने वाली थी। इधर, चंदनू चौकी प्रभारी रेशम लाल भास्कर का कहना है कि आरोपी पति आए दिन मृतका के चरित्र पर शंका करता था।
उन्हें किसी और से फोन में बात करने की बात कर परेशान करता था। इसके साथ ही दहेज को लेकर भी मृतका को प्रताड़ित करता था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.