शहीद भगत सिंह की जयंती पर ट्विनसिटी में विभिन्न आयोजन हुए। विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित शहीद पार्क पहुंचकर भगत सिंह की देश की सबसे बड़ी मूर्ति पर नमन किया। उनके बताए मार्ग पर चलने की शपथ ली।
इस दौरान विधायक ने घोषणा की कि सेक्टर 5 के शौर्य स्मारक शहीद पार्क से थोड़ी दूर पर 100 फीट ऊंचाई पर तिरंगा भी लहराएगा। वहीं तालाब में म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो होगा, जो लोगों को अपनी और आकर्षित करेगा। हैदराबाद में स्थित लुंबिनी पार्क का भ्रमण भी अधिकारियों ने किया और इसके तकनीकी पक्षों को जाना। इस कार्य के लिए 1 करोड़ 44 लाख रुपए की राशि स्वीकृति हुई है। शहीद सरदार भगत सिंह की 25 फीट की गनमेटल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। नीरज पाल, लक्ष्मीपति राजू व अन्य उपस्थित थे।
इस बार नहीं हुआ बड़ा आयोजन
कोरोना काल की वजह से शहीद भगत सिंह की जयंती पर कोई बड़ा आयोजन नहीं किया गया। सादे समारोह में विधायक ने कहा कि शहीद भगत से ही प्रेरित होकर आज हजारों युवा आगे बढ़ रहे। चाहे वह राजनीति हो या फिर सेवा का क्षेत्र, युवा देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे। और भी युवा उनसे प्रेरणा लें, इसके लिए मूर्ति स्थापित करवाई गई है।
शहीदे आजम की जयंती पर कॉपी-पेंसिल का वितरण
शिवजी अर्पण सेवा समिति ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 114वीं जयंती सेक्टर 4 स्थित सरकारी स्कूल में मनाई। कार्यक्रम में 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, पेंसिल, रबर, स्केल का वितरण किया गया। समिति के अध्यक्ष रोहन मून ने बताया कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्मदिन प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। विद्यार्थियों को भगत सिंह के बारे में भी बताया गया। साथ ही पर्यावरण की रक्षा जागरूकता के बारे में जानकारी दी गई। इसी तरह बोड़ेगांव व अन्य स्कूलों में भी आयोजन हुए। विनोद, सोनू, रोमन, राहुल, सुधांशु, रवि, अंजली, ललित, मोनिका, निशा, कुसुम और पूजा आदि उपस्थित थे।
खून से शहीद भगत की प्रतिमा का किया तिलक
दुर्ग। हिन्दू युवा मंच ने खून से तिलक कर शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई। दुर्ग के शहीद चौक स्टेशन रोड में मंच के कार्यकर्ता उपस्थित हुए। पार्षद अरूण सिंह के आतिथ्य में कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजिल अर्पित की और भारत को आजाद कराने में उनकी कुर्बानी को याद किया। इस मौके पर प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, राजेश शर्मा, सुनील वाहने, राजा देवांगन, शुभम सहारे, अमित पुरोहित, दीपक राजपूत, हितेंद्र राजपूत, राकेश तिवारी आदि उपस्थित थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.