दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमण कम होने की जगह और बढ़ता जा रहा है। यहां लगातार दो दिन में कोरोना से दो मौत और 7 संक्रमित मिलने शासन प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इन मौतों के बाद जिले में अब तक कोरोना से होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 1805 पहुंच गया है। वहीं एक्टिव केस की बात करें तो वह 38 है। इसमें दो को होम आइसोलेट किया गया है, जबकि अन्य का उपचार अलग-अलग असपतालों में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को कोरोना से 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हुई थी। वहीं शुक्रवार को 50 वर्षीय महिला ने कोरोना संक्रमण से इलाज के दौरान दम तोड़ा है। महिला का इलाज पिछले एक सप्ताह से सेक्टर 9 हॉस्पिटल में चल रहा था। उसे कोविड संक्रमण के साथ-साथ अन्य बीमारी होना भी बताया जा रहा है। कोरोना संक्रमण की बात करे तो अब तक जिले में कुल 97081 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से अब तक 95239 लोग ठीक हो चुके हैं।
कोविड वैक्सीनेशन पर विशेष ध्यान
जिले के सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम हर घर दस्तक अभियान चलाकर कोविड वैक्सीनेशन कर रही है। इसके साथ ही हाट बाजार और धान संग्रहण केंद्र में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बाहर से आने वाले सभी लोगों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। विदेश से आए लोगों का कोविड टेस्ट कराने के साथ ही उन्हें होम कोरंटाइन किया जा रहा है।
सर्दी खांसी को न लें हल्के में
जिले के सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि ठंड बढ़ने से लोगों में सर्दी खांसी और बुखार की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। ऐसे में सबसे अधिक जरूरी है कि इस बीमारी को वायरल समझ कर हल्के में न लें। सबसे पहले कोविड नियमों का पालन करके खुद को सर्दी से बचाएं। यदि सर्दी खांसी व बुखार आदि के लक्षण हों तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें और कोविड टेस्ट कराएं। इस दौरान उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कराने और वैक्सीनेशन करा चुके लोगों को भी कोविड नियमों का पालन करने की सलाह दी।
पिछले 10 में कितने मिले पॉजिटिव
डेट | टेस्ट | पॉजिटिव | डेथ |
15 दिसंबर | 1053 | 6 | 0 |
16 दिसंबर | 1205 | 3 | 0 |
17 दिसंबर | 1222 | 4 | 0 |
18 दिसंबर | 711 | 0 | 0 |
19 दिसंबर | 471 | 3 | 0 |
20 दिसंबर | 1340 | 3 | 0 |
21 दिसंबर | 1494 | 3 | 0 |
22 दिसंबर | 1487 | 3 | 0 |
23 दिसंबर | 2149 | 3 | 1 |
24 दिसंबर | 1091 | 4 | 1 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.