छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मध्य प्रदेश की एक महिला से दहेज प्रताड़ना का वीभत्स चेहरा सामने आया है। युवती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित तो किया गया। साथ ही उसके पति ने अप्राकृतिक रूप से यौन संबंध बनाना शुरू कर दिया। इसके साथ जेठ ने भी महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती की गलती सिर्फ इतनी थी कि ससुराल वालों की इच्छा के मुताबिक उसका परिवार दहेज नहीं दे सका था। फिलहाल युवती ने सुपेला थाना में FIR दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के बालाघाट की रहने वाली लड़की की शादी साल 2019 कोहका विवेकानंद कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल आई तो कुछ समय तक तो सब ठीक रहा। उसके बाद उसके सास, ससुर, जेठ और पति सभी लोग दहेज कम लाने को लेकर ताने मारने लगे। पति आए दिन दहेज लाने के लिए उससे झगड़ा करने लगा। पिता की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह और अधिक दहेज दे सकें।
दहेज उत्पीड़न का केस दिन पर दिन बढ़ता जा रहा था। युवती के पिता ने शादी में ढाई लाख रुपए नकद और दहेज का सामान दिया था। जब ससुराल के लोग अधिक परेशान करने लगे तो पिता ने 37 हजार रुपए अलग से दिया और अधिक दहेज न दे पाने के लिए अनुरोध भी किया। इसके बाद भी ससुराल वाले नहीं माने और प्रताड़ित करने का सिलसिला बढ़ता चला गया।
पति और जेठ की हरकतों से परेशान होकर दर्ज कराई शिकायत
युवती ने दहेज का विरोध करते हुए अपने पिता से अधिक दहेज मांगने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पति और जेठ ने यातना की हदें पार कर दीं। पिछले कुछ महीनों से उसका पति आए दिन उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता। जब पति बाहर जाता तो जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करता और जबरदस्ती संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। इन सब प्रताड़ना के बाद युवती अपने मायके चली गई, और उसने मामले की शिकायत बालाघाट थाने में दर्ज कराई। वहां से जीरो रिपोर्ट आने पर सुपेला पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.