कांग्रेस विधायक बोले-टिकट पाने ऐसी बयानबाजी कर रहे पूर्व मंत्री:गागड़ा के बयान पर विक्रम मंडावी का पलटवार; कहा-ये उनकी व्यक्तिगत बौखलाहट है

बीजापुर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर में प्रेस वार्ता ली। - Dainik Bhaskar
विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर में प्रेस वार्ता ली।

बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए पूर्व मंत्री को आरोपों को साबित करने की खुली चुनौती दी है। मंडावी का कहना है कि महेश गागड़ा बीजापुर से दो बार विधायक निर्वाचित रह चुके हैं। 15 साल सत्ता में भाजपा रही, तब बीजापुर में नक्सली नहीं थे? आज सत्ता में कांग्रेस है, बीजापुर में कांग्रेस के विधायक है तो पूर्व मंत्री को यहां नक्सली नजर आ रहे हैं। गागड़ा ने कांग्रेस पर नक्सलियों से संबंध होने का आरोप लगाया था।

तेलंगाना में पकड़े गए कांग्रेसी नेता के संबंध में विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि के जी सत्यम पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता जरूर थे, लेकिन यह कहना गलता होगा कि पार्टी में उनका कद बड़ा था। सामान्य कार्यकर्ताओं की तरह वे थे। विधायक ने कहा कि मेरा मानना है कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है। अगर उसने गलत किया है तो उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। मंडावी ने यह भी कहा कि जब वे विपक्ष में थे, तब कई दफा उन पर नक्सली प्रकरणों में संलिप्त होने के आरोप भाजपा की तरफ से लगाए गए थे, उनके विरूद्ध जांच भी हुई, मगर आरोप साबित नहीं हुए।

यहां तक की भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिकारियों को नक्सलियों के नाम से डराने जैसे आरोप भाजपा लगा रही है, लेकिन एक भी आरोप भाजपा साबित नहीं कर पाई है। विधायक ने कहा कि, गागड़ा जो बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं वे उनकी व्यक्तिगत बौखलाहट है। गागड़ा यह जान चुके है कि चुनाव में उनकी दावेदारी खत्म हो चुकी है। केवल टिकट पाने इस तरह की बयानबाजी कर हाईकमान का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव गृहमंत्री को कांग्रेस-नक्सलियों के बीच संबंघों की जांच के लिए पत्र लिख रहे है, बेहतर होता कि वे झीरम कांड की जांच CBI से कराने के लिए केंद्र को पत्र लिखते। आने वाले दिनों में भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग छत्तीसगढ़ में भी करेगी। उन्हें और तमाम कांग्रेसियों को एजेंसियों के जरिए प्रताड़ित करने का प्रयास किया जाएगा। मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक ने भाजपा शासन काल में हुई कुछ गिरफ्तारियों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे भाजपा नेताओं और नक्सलियों के बीच संबंधों से जुड़ा बड़ा खुलासा करेंगे।

ये बयान दिया था

बीजापुर के कांग्रेस नेता के जी सत्यम की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश भर में सियासी बयानबाजी जारी है। इस संबंध में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने भी कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि नक्सली कांग्रेस की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं रह गया है।