पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
कृषि कानूनों के विरोध में किए जा रहे प्रदर्शन के क्रम में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया। इस दौरान शहर से जाने वाले कई मार्गों पर 3 घंटों तक कार्यकर्ताओं ने अपना कब्जा जमाए रखा। हालांकि प्रदर्शन का कार्यक्रम पहले से ही तय होने के कारण लोगों को कम ही परेशानी हुई। शहर के बिलासपुर चौक, दरिमा चौक और बनारस रोड पर कांग्रेस नेताओं ने जाम लगाया और कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।
इस दौरान 2 घंटों तक मालवाहक ट्रक जाम में फंसे रहे। मालूम हो कि तीन कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली में किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में किसानों ने शनिवार को देशभर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्काजाम करने की घोषणा की थी। किसानों के समर्थन और कृषि बिलों को वापस लेने की मांग को लेकर जिले में कांग्रेस ने भी किसानों के चक्काजाम में शामिल होकर उनकी मांग का समर्थन किया।
इस दौरान बिलासपुर चौक पर जिला कोषाध्यक्ष राजेश मलिक और ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण विनय शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता चक्काजाम में शामिल हुए। वहीं दरिमा चौक पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, जिला महामंत्री अरविंद सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष शहर हेमंत सिन्हा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया।
इसी तरह बनारस रोड पर औषधि व पादप विकास बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक व प्रदेश कांग्रेस महासचिव द्वितेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम में पहुंच कर तीनों कृषि बिल को वापस करने के लिए किसानों का समर्थन किया।
इस दौरान सभी जगह सिर्फ एंबुलेंस को ही आने-जाने की अनुमति दी। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि दिल्ली में 2 माह से ज्यादा और कई राज्यों में 6 महीने से अधिक समय से धरना दे रहे किसानों की मांग सरकार सुन नहीं रही और अपने तीन बिल को वापस नहीं कर रही।
इससे किसानों और सरकार के बीच गतिरोध जारी है। किसानों की मांग को हमारा समर्थन है और तीनों कृषि बिल को वापस करने की मांग करते हैं। इस दौरान मैनपाट में ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव और जिला महामंत्री नागेश्वर यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सहयोग दिया।
पुलिस की बेरीकेडिंग का सहारा लेकर बंद किया आवागमन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जाम लगाने के लिए पुलिस की बेरिकेडिंग का सहारा लेते हुए उन्हें रोड पर लगा दिया। इसके बाद आसपास से झाड़ियों को रोड पर रखकर जाम लगाया। वहीं कुर्सी व दरी बिछाकर रोड पर ही कांग्रेस कार्यकर्ता रोड पर ही जमकर बैठ गए। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई थीं और दोनों तरफ से आने वाले वाहनों को स्थल से कुछ दूर पहले ही रोक दिया जा रहा था।
जानकारी होने के कारण कई लोगों को नहीं हुई अधिक समस्या
चक्काजाम का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण अधिक वाहन जाम में नहीं फंसे। सिर्फ मालवाहन ट्रक और कुछ निजी वाहन ही जाम में फंसे रहे। हालांकि तीन बजे जाम खुलन के बाद आसानी से वाहन अपने गंतव्य के लिए निकले। प्रदर्शन खत्म होने के बाद यातायात को सुचारू बनाने के लिए पुलिस तत्परता से जुटी रही। हालांकि सबसे अधिक वाहन अंबिकापुर-बिलासपुर हाइवे पर लखनपुर में खड़े नजर आए।
लखनपुर में अंबिकापुर-बिलासपुर हाइवे किया जाम, ज्ञापन साैंपा
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा और सड़कों पर चलने वाले वाहन 2 घंटे तक अपनी जगह पर ही खड़े रहे। आंदोलन समाप्त करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार शिवानी जायसवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता, विक्रमादित्य सिंह देव, अमित सिंह देव, रणविजय सिंह देव मौजूद रहे।
पॉजिटिव- आज आर्थिक योजनाओं को फलीभूत करने का उचित समय है। पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी क्षमता अनुसार काम करें। भूमि संबंधी खरीद-फरोख्त का काम संपन्न हो सकता है। विद्यार्थियों की करियर संबंधी किसी समस्...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.