छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिवाली रात को एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हुई है। जबकि दूसरा युवक बुरी तरह घायल हुआ है। हादसा अनियंत्रित कार के बाइक सवारों को टक्कर मारने के चलते हुआ है। हादसे के बाद कार चालक भाग निकला है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। मामला बाल्को थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पदमराज सिंह ठाकुर(42) और चिंकी डिहोलिया(22) दिवाली की रात को अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। दोनों दिवाली मनाकर वापस लौट रहे थे कि अचानक रात 11 बजे डेंगू नाला पुल सतनाम नगर के पास सामने से आई कार ने दोनों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
इलाज के दौरान हुई मौत
वहीं, कार चालक मौके से कार छोड़कर ही भाग निकला। इधर, आस-पास के लोगों ने ही पुलिस को इस बात की जानकारी दी थी। इसके बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही है। रात करीब 1 बजे पदमराज सिंह ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि दोनों घायल के पैर बुरी तरह फैक्चर हुए हैं। पदमराज के शरीर से काफी खून भी बह गया था। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। दूसरे घायल चिंकी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.