शहर और इसके आसपास 9 ब्लैक और तीन ग्रे-स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इन्हें सुधारने ट्रैफिक विभाग कई साल से जुटा हुआ है लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है। अभी भी सड़क पर से बेजा-कब्जा नहीं हटाए जा सके। अंधेरा भी कायम है। कहीं-कहीं ब्लिंकर्स है। सूचनात्मक बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं।
इसी के चलते जगहों पर दुर्घटनाएं हो रहीं। पुलिस के बड़े अधिकारियों ने कुछ दिन पहले इन स्पॉट का जायजा लिया है। जहां जो कमी मिली है उसे फिर से सुधारने के आदेश दिए गए है। बिलासपुर में ब्लैक स्पाटों के सुधार करने का काम काफी समय से चल रहा है। अधिकारी यहां आए दिन निरीक्षण करते हैं, सुधार के आदेश भी देते हैं पर कुछ हो नहीं पाता।
स्थिति जस की तस है। साल 2021 के फिर से ब्लैक स्पाटों की एक नई सूची तैयार की गई है। इनमें मोपका चौक, थाना सरकंडा, बहतराई चौक, महामाया चौक, शनिचरी बाजार, बेलतरा, बारीडीह, सकरी बाईपास, जयराम नगर मोड़ मोहतरा, छतौना मोड़ शामिल हैं। ग्रे स्पॉट के लिए हाईटेक बस स्टैंड सिरगिट्टी, बसंत बिहार और थाना सरकंडा चिन्हित किए गए हैं।
ट्रैफिक एएसपी की ओर से लोक निर्माण विभाग को इन जगहों पर इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं। सूची भेजकर बताया गया है कि कहां सड़क पर क्या खामियां हैं। कहां स्ट्रीट लाइट लगानी है, कहां अतिक्रमण हटाना है। इसके अलावा सड़क को किस तरह व्यवस्थित करनी है यह भी बात लिखी है, लेकिन अभी तक इसे अमल में नहीं लाया जा सका है। इसलिए इन जगहों पर हादसे की आशंका बढ़ रही है।
जानिए, कहां क्या कमी, किस तरह सुधार करना है
1. मोपका चौक सरकंडा: बेजा-कब्जा हटाते हुए दृश्यता स्पष्ट किया जाए। ब्लैक स्पॉट का सूचनात्मक बोर्ड लगाया जाए। तीनों दिशाओं में ब्लिंकर्स लगाया जाए। सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता भी बताई गई है।
2. बहतराई चौक: गति नियंत्रण के लिए सहायक मार्ग। बहतराई एवं चिंगराजपारा रोड में रम्बल स्ट्रीप बनाने की आवश्यकता। मुख्य मार्ग एवं जंक्शन मार्ग से बेजा कब्जा हटाने और अमृत मिशन योजना में खोदे गए गड्ढे को भरने की बात लिखी गई है। यहां भी ब्लैक स्पॉट का सूचना बोर्ड लगाने की बात कही गई है।
3. महामाया चौक: वाहन चालकों के लिए सावधानी बरतने और सूचनात्मक बोर्ड लगाने की बात। क्षतिग्रस्त हेजार्ड मार्कर का सुधार, रम्बल स्ट्रीप करना है, महामाया चौक को छाेटा करना है।
4. शनिचरी बाजार: तीनों सड़कों पर रम्बल स्ट्रीप बनाने की जरूरत बताई गई है। सड़क का किनारा टूटा फूटा है। सुधार की जरूरत। बोर्ड लगाने के निर्देश भी।
5. हाईटेक बस स्टैंड: गति नियंत्रण के लिए रम्बल स्ट्रीप, हाईमास्ट लाइट लगाने और छोटे वाहन व ऑटो वालों पर कार्रवाई की बात लिखी गई है।
6. वसंत विहार चौक: मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और बेजा-कब्जा। अपोलो मार्ग से रम्बल स्ट्रीप। सूचनात्मक बोर्ड लगाने और सड़क पर खड़ी बेतरतीब गाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.